रायपुर – मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम टेकारी में मुट्ठी भर असामाजिक तत्वों ने गांव का माहौल खराब कर रखा है। पुलिसिया कार्रवाई का भी इन पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। ताजा मामला गुरुवार शाम का है, जब ग्राम के श्मशानघाट में स्थानीय तीन असामाजिक तत्व एक लड़की और 8-10 युवकों के साथ इकट्ठा थे।
जानकारी के अनुसार श्मशानघाट की तार-फेंसिंग की चारदीवारी को अनाधिकृत रूप से खोलकर अंदर एक सफेद कार खड़ी कर युवकों का जमावड़ा लगा था। इसकी सूचना ग्राम प्रमुखों को मिलने पर ग्रामीण सभा अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा, पूर्व अध्यक्ष हुलास राम वर्मा और पूर्व सरपंच नंद कुमार यादव मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के एकत्रित होते देख कुछ युवक कार में बैठकर तो कुछ पैदल भाग निकले। बताया जा रहा है कि पुलिसिया रिकॉर्डधारी प्रेम उर्फ अगेश्वर युवती को दुपहिया पर बैठाकर भाग निकला।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। किसान संघर्ष समिति के संयोजक भूपेंद्र शर्मा ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी थाना प्रभारी आशीष यादव को दे दी है। सूचना पर पुलिस की दबिश जारी है, लेकिन स्थानीय आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
ज्ञात हो कि कुछ समय पहले ही टेकारी के असामाजिक तत्वों की चुनौती पर गोढ़ी के असामाजिक तत्वों का गुट रात में टेकारी पहुंचा था, जहां दोनों गुटों के बीच तलवारबाजी हुई थी। इस मामले में गोढ़ी गुट के खिलाफ प्राणघातक हमले का मामला दर्ज कर गिरफ्तारी भी हुई थी। टेकारी के तत्वों को कथित रूप से पिपरहट्ठा गुट से जुड़ा बताया जाता है।
इधर ग्राम पंचायत को भी पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है। पंचायत द्वारा असामाजिक गतिविधियों पर रोक और लिप्त तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए ज्ञापन सौंपने तथा ग्रामीण सभा की बैठक बुलाकर सीधी कार्रवाई की योजना बनाने की मांग की जा रही है।




