चिराग पासवान का बड़ा बयान- छत्तीसगढ़ में बनेगी LJP की राज्य इकाई, चुनाव में उतरेगी पार्टी
रायपुर – केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के प्रमुख चिराग पासवान आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे, जहां उन्होंने छत्तीसगढ़ की राजनीति को लेकर बड़ा ऐलान किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश में अपनी राज्य इकाई तैयार करेगी और आगामी चुनाव में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएगी। इस दौरान चिराग पासवान ने SIR समेत कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे चुनावी मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। उनके इस ऐलान के बाद छत्तीसगढ़ के सियासी समीकरणों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
वहीं, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर चिराग पासवान ने कहा कि वहां LJP (राम विलास) की भूमिका अभी तय नहीं हुई है। उन्होंने साफ किया कि पार्टी परिस्थितियों के अनुसार फैसला लेगी और जरूरत पड़ने पर उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव मैदान में उतरने के लिए भी तैयार है। चिराग के इस बयान को आगामी चुनावों से पहले पार्टी के विस्तार और अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
बीजेपी से गठबंधन पर क्या बोले चिराग?
छत्तीसगढ़ में संगठन के विस्तार के बाद भारतीय जनता पार्टी के साथ संभावित गठबंधन या समर्थन के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि इस संबंध में फैसला परिस्थितियों के अनुसार लिया जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि राज्य में पार्टी की इकाई बनने के बाद स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आगे की रणनीति तय की जाएगी। LJP (रामविलास) फिलहाल राष्ट्रीय स्तर पर NDA का हिस्सा है, हालांकि अलग-अलग राज्यों में पार्टी की चुनावी रणनीति और गठबंधन संबंधी फैसले स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर अलग हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि नागालैंड में हमारे 2 विधायक हैं लेकिन वहां हमने फैसला किया था कि हम वहां गठबंधन से हटकर अकेले चुनाव लड़ेंगे. अभी उत्तर प्रदेश में हमारी भूमिका तय होनी बाकी है। राज्य इकाई के माध्यम से यह विश्वास दिलाया गया है कि अकेले चुनाव लड़ने की जरूरत पड़ेगी तो हमारी पार्टी अकेले चुनाव लड़ने के लिए भी तैयार हैं.
युवाओं से संवाद पर रहा जोर
रायपुर दौरे के दौरान चिराग पासवान ने युवाओं से संवाद पर विशेष जोर दिया। इससे पहले भी वे अलग-अलग राज्यों में युवाओं के बीच संवाद कार्यक्रमों में शामिल होते रहे हैं। सितंबर में प्रयागराज में आयोजित ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं से शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और राजनीति में भागीदारी जैसे मुद्दों पर बातचीत की थी। छत्तीसगढ़ में LJP के संगठन विस्तार के ऐलान के बाद अब नजर इस बात पर रहेगी कि पार्टी राज्य इकाई में किन नेताओं को जिम्मेदारी देती है और आगामी चुनावों को लेकर उसका संगठन किस तरह सक्रिय होता है।



