महासमुंद – जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। लाखागढ़ के पास सड़क किनारे खड़े चावल से लदे ट्रक और उससे गुजर रहे एक अन्य ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गए। हादसे के दौरान एक ट्रक के चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के मुताबिक, चावल से लदा एक ट्रक खराब होने के कारण लाखागढ़ के पास सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पिथौरा से सरायपाली की ओर जा रहा दूसरा ट्रक वहां पहुंचा। इस ट्रक में दोना-पत्तल के साथ राशन सामग्री लदी हुई थी।
बताया जा रहा है कि, खराब ट्रक के पास पहुंचते ही चलते ट्रक के इंजन में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद आग की लपटें पास में खड़े चावल से लदे ट्रक तक पहुंच गईं। देखते ही देखते दोनों वाहनों में भीषण आग धधकने लगी।
आग की तेज लपटों और धुएं के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही पिथौरा पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। आग की भयावहता को देखते हुए महासमुंद, बागबाहरा और सरायपाली से दमकल वाहनों को मौके पर बुलाया गया।
कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दोनों ट्रक बुरी तरह जल चुके थे। गनीमत रही कि हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है और एक चालक ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली।
आग कैसे लगी, पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर चलते ट्रक के इंजन में आग लगने की बात सामने आ रही है। पिथौरा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों के साथ हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।



