केबिन में फंसा रहा चालक का शव
हादसे में मृत चालक की पहचान रेलिया निवासी विश्व प्रसाद बिट्टू के रूप में बताई गई है। टक्कर के बाद चालक का शव काफी देर तक क्षतिग्रस्त केबिन में फंसा रहा। हादसे की जानकारी मिलते ही खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।वहीं दूसरे वाहन में सवार चालक को गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की बात कही जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल वाहन नीलकंठ कंपनी के पेटी ठेकेदार PKS कंपनी से जुड़े हैं। घटना के बाद खदान में वाहनों के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि खदान क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। हालांकि सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन
हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और परिवार के सदस्य को नौकरी देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए खदान क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस की समझाइश के बाद शांत हुआ मामला
घटना की सूचना मिलने पर कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। हादसे के वास्तविक कारणों और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।फिलहाल इस हादसे ने एक बार फिर खदान क्षेत्र में भारी वाहनों के संचालन और सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



