Home छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण के मैनपुर वन परिक्षेत्र में चलाया जा रहा जन जागरूकता...

पर्यावरण संरक्षण के मैनपुर वन परिक्षेत्र में चलाया जा रहा जन जागरूकता अभियान

17
0

रेंजर आर के साहू द्वारा गांव गांव जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर ग्रामीणों से कर रहे अपील

गरियाबंद – गरियाबंद वन मंडल के वन परिक्षेत्र मैनपुर अंतर्गत विभिन्न ग्रामीण इलाकों में पर्यावरण और जंगल सुरक्षा को लेकर एक विशेष जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है क्षेत्र के ग्राम गौरघाट, ठेंमली, कोदोभाट सहित आसपास के गांवों में कार्यक्रम का आयोजन कर ग्रामीणों को वनों के महत्व से अवगत कराया गया।

अभियान के दौरान वन परिक्षेत्र अधिकारी आर. के. साहू ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जंगल हमारी अमूल्य धरोहर हैं और इनकी सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने और जंगलों को हरा-भरा बनाए रखने की अपील की। विशेष रूप से पॉलिथीन से होने वाले नुकसान पर जोर देते हुए वन परिक्षेत्र अधिकारी ने ग्रामीणों को समझाया कि जंगल और आसपास के क्षेत्रों में पॉलिथीन व प्लास्टिक कचरा बिल्कुल न फेंकें। यह कचरा न केवल मिट्टी की उर्वरकता को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि वन्यजीवों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को जंगलों को बचाने, अवैध कटाई रोकने और वन जीवों की सुरक्षा के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने भी वन विभाग के इस अभियान की सराहना करते हुए पौधारोपण करने और जंगलों को प्लास्टिक मुक्त रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर प्रमुख रूप से डिप्टी रेंजर अघन सोरी, प्रेमसाय जगत, दयाराम, छबि दीवान, रामसिंग मरकाम, भुवेन्द्र यादव, जागेश्वर ठाकुर, सोनसाय जगत, माखनलाल, रमेश कुमार एवं स्कूली छात्र छात्राएं ग्रामीणजन उपस्थित थे।