सारंगढ़ – जिले के पुलिस ने म्यूल अकाउंट के जरिये साइबर ठगी की रकम का अवैध लेनदेन कराने वाले तीन आरोपियों को दुर्ग जिले के पुलगांव अंतर्गत चंद्रखुरी से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में धरसींवा के सोंडरा निवासी चेतन निषाद उर्फ भदरी उर्फ लक्की (23), दुर्ग के चंद्रखुरी निवासी देवा श्रीकांत चंद्राकर (31) और योगेंद्र चंद्राकर (32) शामिल हैं। ये आरोपी ठगी की रकम ट्रांसफर कराने के बदले कमीशन लेते थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर सारंगढ़ उपजेल भेज दिया गया है।
2000 मोबाइल नंबरों की जांच से मिला सुराग
मामले में पुलिस पहले ही सकरतुंगा निवासी अनिल पटेल, खाताधारक दिनेश बंजारे और उत्तम बाई बंजारे को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसके बाद पुलिस ने गिरोह के अन्य बदमाशों की पहचान के लिए लगभग 2,000 मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। सबूतों के आधार पर पुलिस टीम ने 16 सितंबर को दुर्ग के चंद्रखुरी में छापेमारी कर तीन संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मोबाइल फोन में एपीके फाइल डाउनलोड करवा तथा सर्वर के माध्यम से अवैध लेनदेन कराते थे।
कार और मोबाइल समेत सामान जब्त
आरोपियों ने अनिल पटेल के साथ मिलकर दिनेश बंजारे के खाते से 2 करोड़ 71 लाख 75 हजार 719 रुपये का लेनदेन कराया और इसके बदले कमीशन लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 6 लाख रुपये मूल्य की कार, 1.50 लाख रुपये के पांच मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और पासबुक जब्त की है। सारंगढ़ थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की है।


