आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उनकी जन्मभूमि वडनगर (गुजरात) से लेकर मौजूदा राजनीतिक कर्मभूमि वाराणसी (उत्तर प्रदेश) तक उत्सव जैसा माहौल है। उनके समर्थकों के अलावा देश के सांविधानिक पदों पर आसीन हस्तियां भी उन्हें बधाई दे रही हैं। पीएम मोदी को विदेश से भी जन्मदिन के शुभकामना संदेश भेजे जा रहे हैं।
पुतिन ने भेजा बधाई संदेश
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी। संदेश में पुतिन ने कहा कि मोदी को देशवासियों का गहरा सम्मान और वैश्विक स्तर पर बड़ी प्रतिष्ठा हासिल है। उन्होंने भारत-रूस के विशेष और रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने में पीएम मोदी के योगदान का जिक्र किया। पुतिन ने हालिया दिल्ली यात्रा के दौरान मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए भी आभार जताया और कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर सहयोग जारी रहेगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को वडनगर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की। उन्होंने पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को गरीब कल्याण और देश की समृद्धि की नींव रखने वाला दौर बताया। शाह ने कहा कि यह समय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने दावा किया कि इस अवधि में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। शाह ने आवास, शौचालय, नल का पानी, बिजली, भोजन और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर किए गए कार्यों का भी जिक्र किया।
विपक्ष के कई नेताओं ने पीएम मोदी को दी बधाई
एनसीपी-एसपी के प्रमुख शरद पवार ने एक्स पर लिखा, ‘भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं।’ वहीं, डीएमके पार्टी के प्रमुख एमके स्टालिन ने एक्स पर लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनके अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और लंबी उम्र की कामना करता हूं।’
वाईएसआआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने कहा,’प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्र की सेवा करने की शक्ति प्रदान करें।’
सीएम विजय ने दी बधाई
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और टीवीके के प्रमुख जोसेफ विजय ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर कहा, ‘मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं, जो एक मजबूत भारत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से नेतृत्व कर रहे हैं। मैं पूरे दिल से आपके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं।’
हेमंत सोरेन ने क्या कहा?
झामुमो के अध्यक्ष और झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने लिखा, “देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की अनेक-अनेक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। मरांग बुरु आपको सदैव उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ जीवन प्रदान करें, यही कामना करता हूं।
‘ शिवसेना-यूबीटी की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और हमेशा खुश रहने की कामना करती हूं।’
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पीएम मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की। उमर अब्दुल्ला ने इस मौके पर जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा वापस मिल जाए तो उन्हें और क्या चाहिए।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज विश्वकर्मा पूजा भी है। पीएम मोदी के जन्मदिन के मौके पर रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि लोग प्रधानमंत्री की लंबी उम्र की कामना के साथ रक्तदान कर रहे हैं।
पटना में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी के जन्मदिन के मौके पर भाजपा युवा मोर्चा की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष भारत के विकास के लिए समर्पित रहे हैं।
दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देशवासी यह दिन खुशी के साथ मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने भारत का नाम वैश्विक मंच पर पहुंचाया है। प्रवेश वर्मा ने कहा कि देश के किसान, युवा और नागरिक आर्थिक रूप से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की, ताकि वे लगातार देश की सेवा करते रहें।
दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सेवा और संकल्प के रूप में मना रही है। उन्होंने कहा कि इस दिन समाज में ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत के साथ अच्छे काम करने का संकल्प लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में 2,500 से अधिक यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है। पीएम मोदी के जन्मदिन पर बड़ी संख्या में लोग रक्तदान करने पहुंच रहे हैं।



