बलौदाबाजार/ पलारी – स्वास्थ्य विभाग में फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार करने और शासकीय दस्तावेजों में कूटरचना के मामले में पलारी पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में ग्रामीण चिकित्सा सहायक समेत अब तक कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, मामले में अपराध क्रमांक 347/2026 दर्ज कर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत जांच शुरू की गई थी। 22 अगस्त को ग्रामीण चिकित्सा सहायक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने विवेचना आगे बढ़ाई। जांच के दौरान सामने आए नए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर 23 अगस्त को दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परख कश्यप (36) निवासी सिविल लाइन बलौदाबाजार और प्रणव अवस्थी (30) निवासी ग्राम रिसदा गांधी चौक के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है। पुलिस का कहना है कि फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार करने और शासकीय दस्तावेजों के दुरुपयोग से जुड़े इस मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका और फर्जी दस्तावेज तैयार करने से जुड़े पूरे नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।






