कोरबा – जिले के उरगा थाना क्षेत्र के पहंदा गांव रेलवे फाटक के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां 45 वर्षीय शहलाद सिंह कंवर ने चलती ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह करीब 11 बजे की है। फाटक पर ड्यूटी में तैनात गेटमैन ने उसे रोकने की काफी कोशिश की और चिल्लाया भी, लेकिन वह नहीं माना और ट्रेन की चपेट में आ गया।
घटना की जानकारी मिलते ही फाटक पर तैनात गेटमैन ने तुरंत रेलवे पुलिस और उरगा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर उरगा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। ट्रेन की चपेट में आने से शहलाद का शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। पुलिस ने तत्काल फोन कर परिजनों को बुलाया और शव का पंचनामा किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि पिछले दो-तीन वर्षों से शहलाद की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। कई बार इलाज कराया गया। इलाज के बाद वह कुछ दिन ठीक रहता था, फिर दोबारा उसकी वही स्थिति हो जाती थी। इसी मानसिक तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया होगा। घटना के बाद पहंदा गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोगों ने बताया कि शहलाद मिलनसार स्वभाव का था, लेकिन बीमारी के कारण पिछले कुछ समय से काफी परेशान रहता था।






