रायपुर – देश-प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस कड़ी में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एतिहासिक टाउन हॉल में फोटो प्रदर्शनी लगाई गई है। इस बार इसका विषय है ‘आजादी का गौरव-विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प’। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर इस छायाचित्र प्रदर्शनी की शुरुआत की।
छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग की ओर से यह फोटो प्रदर्शनी 15 से 21 अगस्त तक आयोजित की गई है। इसमें स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ के योगदान, अमर सेनानियों के शौर्य, बलिदान, ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को चित्रों के माध्यम से दिखाया गया है। स्वतंत्रता आंदोलन में छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका, जीवन गाथा,संघर्ष, विभिन्न आंदोलनों और जननायकों के योगदान को दिखाया गया है। इसके साथ ही राज्य सरकार की उपलब्धियों को भी प्रभावी ढंग से पेश किया गया है।






