Home छत्तीसगढ़ कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की साजिश नाकाम, पिस्टल-चाकू के साथ 3 आरोपी...

कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की साजिश नाकाम, पिस्टल-चाकू के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

14
0

रायपुर – रायपुर पुलिस की सक्रिय और प्रोएक्टिव पुलिसिंग के चलते राजधानी में एक बड़ी डकैती की साजिश समय रहते नाकाम कर दी गई। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की योजना बना रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गुढ़ियारी थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे नया रोड के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ा।

पहले की थी रेकी
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में रात के समय डकैती की योजना बनाई थी। इसके लिए 1 अप्रैल 2026 को एक आरोपी ने ज्वेलर्स की रेकी कर सुरक्षा व्यवस्था, आसपास के इलाके और वारदात को अंजाम देने के संभावित रास्तों की जानकारी जुटाई थी।

पुलिस के अनुसार, फरार दो आरोपी लगातार मोबाइल के जरिए गिरफ्तार आरोपियों के संपर्क में थे और रेकी की तस्वीरें साझा कर पूरी योजना तैयार कर रहे थे।

हथियार और अन्य सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और 2,500 रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के नेटवर्क, हथियारों की व्यवस्था और पूरी साजिश की जांच कर रही है।

डकैती का प्रयास और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
गुढ़ियारी थाना में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 321/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4) (डकैती का प्रयास) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

देवांश शर्मा (19 वर्ष), निवासी सागरपुर, नई दिल्ली
सुशांत कुमार पासवान (19 वर्ष), निवासी नजफगढ़, नई दिल्ली
मयंक सिंह (19 वर्ष), निवासी सिकंदरपुर, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार