कोरबा – जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जांच में सामने आया कि दोनों की पहचान एक शादी समारोह के बाद हुई थी और बाद में शादी का भरोसा देकर आरोपी ने युवती का कथित रूप से शारीरिक शोषण किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना बांकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 147/2026 धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। कुदरीपारा निवासी 32 वर्षीय राहुल दास पर आरोप है कि उसने 16 मार्च 2025 से 10 सितंबर 2025 तक पीड़िता को शादी का झांसा देकर कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। बताया जा रहा है कि आरोपी और पीड़िता की मुलाकात एक शादी समारोह में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल और व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हुई। युवती कई बार आरोपी को AI से एडिट की हुई अपनी फोटो भेजती थी। उन तस्वीरों को देखकर आरोपी और भी उसका दीवाना हो गया। इसी दौरान आरोपी ने युवती से शादी कर घर बसाने का वादा किया और इस झांसे में लेकर उसके साथ संबंध बनाए।





