500 पौधों के वृक्षारोपण के बाद गेट में ताला, पुलिसिया कार्रवाई की चेतावनी
रायपुर 5 AUG 2026 – विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय आरंग के अंतर्गत ग्राम टेकारी (कुंडा) के खेल मैदान में असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ग्रामीणों ने सख्त निर्णय लिया है। 5 अगस्त को “विकसित भारत जी राम जी योजना” के तहत मैदान में वृक्षारोपण के अवसर पर यह फैसला लिया गया।
शराब-गांजा की शिकायतों के बाद लिया गया निर्णय
ग्रामीणों को लगातार शिकायत मिल रही थी कि मैदान में ग्राम के कुछ असामाजिक तत्व और उनके बुलावे पर आने वाले बाहरी लोग शराब और गांजा पीते हैं। इसी को देखते हुए बैठक में निम्न निर्णय लिए गए:
मैदान के गेट में ताला लगाया जाएगा,
असामाजिक तत्वों के खिलाफ ग्रामीण व्यवस्था के साथ-साथ पुलिसिया कार्रवाई की जाएगी
खिलाड़ियों को ग्रामीण व्यवस्था के तहत मैदान का उपयोग करने की छूट रहेगी
अनाधिकृत प्रवेश करने और शाम ढलने के बाद पाए जाने वालों को अंतिम चेतावनी दी गई
समय-समय पर ग्रामीणों द्वारा औचक छापामारी की जाएगी
मैदान की स्थिति
ग्राम का प्राथमिक से उच्चतर माध्यमिक शाला और खेल मैदान नारा मार्ग पर ग्राम के बाहर स्थित है। इसी वजह से असामाजिक तत्व इसका फायदा उठाते हैं। ग्रामीण व्यवस्था कसने के बाद गतिविधियों में कमी आई है, लेकिन शाम के बाद भी गंजेड़ियों और पियक्कड़ों का मजमा लगने की शिकायत है। कुछ समय पहले मैदान के गेट का ताला भी असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़े जाने की बात सामने आई थी।
वृक्षारोपण और भविष्य की योजनाएं
इस वृक्षारोपण में करीब 500 पौधे लगाए गए। इन पौधों की सुरक्षा, मैदान में असामाजिक गतिविधियों पर रोक और यहां होने वाली विकासखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता व अन्य गतिविधियों को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया गया है।
कार्यक्रम में मौजूद रहे
वृक्षारोपण में जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि हेमंत कश्यप, जनपद सदस्य राजू मनहरे, सरपंच प्रतिनिधि राजू यादव, पूर्व सरपंच नंदकुमार यादव, ग्रामीण सभा अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा, पूर्व उपाध्यक्ष छेदन वर्मा, प्राचार्य एस के वर्मा, रोजगार सहायक कोमल वर्मा, केशव वर्मा, ईश्वर वर्मा, शाला परिवार और योजना में कार्यरत मजदूर मौजूद थे।






