रायपुर – छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने जम्मू कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों का शव उनके गृह जिले में नहीं पहुंचाने पर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए जुबानी हमला बोला है। पार्टी ने कहा कि आतंकी हमले में मारे गये छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों का शव छत्तीसगढ़ नहीं लाना और वहीं पर अंतिम संस्कार किया जाना भाजपा सरकार की असंवेदनशीलता का परिचायक है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बैज ने कहा कि कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की आतंकियों ने हत्या कर दी। एक सारंगढ़ तो दूसरा सक्ति का था। सरकार मजदूरों के शव भी उनके घरों तक नहीं ला पाई। उनका वही अंतिम संस्कार कर दिया गया। क्या यह डबल इंजन सरकार की जिम्मेदारी नहीं थी कि मृतकों के शव उनके घर पहुंचाए। बेहद शर्म आती है ऐसी सरकार पर। सरकार ने मुआवजा भी मात्र 20 लाख घोषित किया है जबकि एक करोड़ देना चाहिए था। केंद्र और राज्य सरकार आतंकी हमले में मारे गए नागरिकों को उनकी मौत के बाद भी यथोचित सम्मान नहीं दे पा रही है। उन दोनों मृतकों का शव इसलिये नहीं लाया गया, क्योंकि वे मजदूर थे? मुख्यमंत्री और सरकार को आम जनता के सामने इसका जवाब देना चाहिये।






