Home देश साईं बाबा को ‘चांद ​मियां’ कहने वाले गौतम खट्टर ने शिर्डी में...

साईं बाबा को ‘चांद ​मियां’ कहने वाले गौतम खट्टर ने शिर्डी में सिर झुकाकर मांगी माफी

18
0

शिर्डी –  सोशल मीडिया पर बीते दिनों शिर्डी के साईं बाबा को धर्म से जोड़कर दावा किया जा रहा था कि वो ​हिंदू धर्म के नहीं बल्कि मुस्लिम हैं और उनका नाम चांद मियां है। साईं बाबा को लेकर यूट्यूबर गौतम खट्टर ने ना सिर्फ दावा किया था, बल्कि उनके खिलाफ कई आपत्तिनक वीडियो भी पोस्ट किए थे। लेकिन अब गौतम खट्टर अपनी ऐसी हरकत के ​लिए माफी मांगते फिर रहे हैं। जी हां गौतम खट्टर ने ना सिर्फ कोर्ट में बल्कि शिर्डी पहुंचर साईं बाबा का अशीर्वाद लेकर मीडिया के सामने माफी मांगी है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा है कि वो अब से साईं बाबा को लेकर कोई भी टिप्पणी नहीं करेंगे।

गौतम खट्टर ने मांगी माफी

दरअसल साईं बाबा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने को लेकर श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट, शिरडी की ओर से यूट्यूबर गौतम खट्टर के खिलाफ राहता सीनियर डिवीजन कोर्ट में मामला दर्ज कराया गया था। मामला कोर्ट तक पहुंचने के बाद गौतम खट्टर राहता कोर्ट पहुंचे और उन्होंने अपने बयान के लिए लिखित माफी मांगी है। उन्होंने कोर्ट को यह भी लिखकर दिया कि भविष्य में वह श्री साईं बाबा के बारे में कोई सार्वजनिक बयान या टिप्पणी नहीं करेंगे।

​भविष्य में कभी साईं बाबा को लेकर नहीं करेंगे टिप्पणी: गौतम खट्टर

कोर्ट में दिए अपने बयान में गौतम खट्टर ने कहा कि उनके द्वारा पहले व्यक्त किए गए विचार किसी व्यक्ति, संस्था या श्रद्धालु समुदाय की आस्था, सम्मान या प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से नहीं थे। उन्होंने कहा कि यदि उनकी बातों को किसी अन्य अर्थ में लिया गया और उससे किसी को मानसिक पीड़ा, असहमति या अप्रसन्नता हुई हो, तो वह इसके लिए गहरा खेद व्यक्त करते हैं। गौतम खट्टर ने यह भी कहा कि सामाजिक सौहार्द और आपसी सम्मान बनाए रखने के उद्देश्य से वह भविष्य में इस विषय पर किसी भी प्रकार की सार्वजनिक टिप्पणी या चर्चा से दूर रहेंगे।

ट्रस्ट ने दयार किया था मुकदमा

इस मामले को लेकर श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट ने कहा कि सोशल मीडिया पर बीते कुछ दिनों से श्री साईं बाबा के बारे में झूठे और आपत्तिजनक बयानबाजी की जा रही है। बाबा के खिलाफ गलतबयानी करने वालों के खिलाफ ट्रस्ट की ओर से कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गौतम खट्टर भी बार-बार सोशल मीडिया के माध्यम से साईं बाबा के बारे में कथित तथ्यहीन और बदनाम करने वाले बयान दे रहे थे। इसके बाद ट्रस्ट ने राहता सीनियर डिवीजन कोर्ट में उनके खिलाफ सिविल और आपराधिक मुकदमे दायर किए थे।

विवादित बयान देने वालों के खिलाफ चल रहे केस

वहीं, साईं बाबा मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोरक्ष गाडिलकर ने बताया कि गौतम खट्टर ने राहता कोर्ट में लिखित माफी दाखिल की है। इसके बाद ट्रस्ट ने उनके खिलाफ दायर दावा वापस ले लिया है। उन्होंने बताया कि गौतम खट्टर ने पहले भी अपने कथित आपत्तिजनक वीडियो हटाने की जानकारी दी थी और शेष वीडियो भी हटाने का आश्वासन दिया है। साथ ही उन्होंने कोर्ट में यह भी कहा है कि भविष्य में उनके माध्यम से साईं बाबा या उनके श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कोई व्यवहार नहीं होगा।