रायपुर – राजधानी रायपुर के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, फुंडहर में छात्रों के बीच हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। सोमवार दोपहर कक्षा 11वीं के एक छात्र ने कथित रूप से अपने सहपाठी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे छात्र की जांघ में गंभीर चोट आई। घायल छात्र को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद स्कूल परिसर में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत कक्षा के अंदर हुई, जब एक छात्र ने कथित तौर पर अपने सहपाठी पर पानी की बोतल से पानी फेंक दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई। आरोप है कि एक छात्र ने दूसरे को स्कूल के बाहर देख लेने की धमकी दी और कक्षा से बाहर चला गया।
स्कूल की छुट्टी के बाद पार्किंग क्षेत्र में दोनों छात्रों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी छात्र ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर दूसरे छात्र पर हमला कर दिया और अपने पास रखा चाकू निकालकर वार कर दिया। हमले में घायल छात्र की जांघ में चाकू लग गया। घटना के बाद आरोपी छात्र मौके से फरार हो गया।
घायल छात्र के साथियों ने तुरंत स्कूल प्रबंधन और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन छात्र को इलाज के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
घटना की शिकायत मिलने पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और छात्रों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हमले में शामिल आरोपी छात्र और उसके साथियों की पहचान की जा रही है तथा जल्द ही उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






