Home छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग की छत्तीसगढ़ को सौगात, 5 मेडिकल कॉलेजों में शैक्षणिक...

राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग की छत्तीसगढ़ को सौगात, 5 मेडिकल कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र की मंजूरी, राज्य में MBBS की बढ़ेगी 250 सीटें

19
0

रायपुर – छत्तीसगढ़ के हेल्थ सेक्टर को बड़ी सौगात मिली है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने दंतेवाड़ा के गीदम, जशपुर के कुनकुरी, मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा एवं कबीरधाम में 50-50 एमबीबीएस सीटों वाले 5 नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों की स्थापना के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से स्वीकृति दी है। इसके साथ ही प्रदेश में एक साथ कुल 250 नई एमबीबीएस सीटों का विस्तार होगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य अधोसंरचना के विकास का ऐतिहासिक पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में स्वास्थ्य और शिक्षा सबसे बड़ी पूंजी हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा सुदृढ़, समावेशी और आधुनिक स्वास्थ्य तंत्र विकसित करना है, जहां प्रदेश का कोई भी युवा डॉक्टर बनने के अपने सपने से वंचित न रहे और किसी भी नागरिक को बेहतर उपचार के लिए दूर-दराज़ के शहरों का रुख न करना पड़े।

प्रदेश के अंतिम छोर में पहुंच रहा है विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे गीदम (दंतेवाड़ा) से लेकर उत्तर छत्तीसगढ़ के आदिवासी वनांचल कुनकुरी (जशपुर) तक नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना इस बात का प्रमाण है कि डबल इंजन सरकार विकास के अवसरों को प्रदेश के अंतिम छोर तक पहुंचा रही है। यह केवल नए संस्थानों की स्थापना नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने और दूरस्थ अंचलों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत नींव रखने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है।

स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में होगा सुधार

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन ला रही है। प्रदेश के दूरस्थ, आदिवासी और आकांक्षी क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना से स्थानीय युवाओं को अपने ही राज्य में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और क्षेत्रीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी व्यापक सुधार आएगा।

  • छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी सौगात
  • प्रदेश में बढ़ेंगी MBBS की 250 सीटें
  • सीएम साय ने कहा- यह प्रदेश के लिए ऐतिहासिक
  • सीएम ने पीएम मोदी और केंद्रीय मंत्री का जताया आभार