Home छत्तीसगढ़ बड़ा हादसा: पत्नी के सामने महानदी में डूबा युवक, नेहरू घाट पर...

बड़ा हादसा: पत्नी के सामने महानदी में डूबा युवक, नेहरू घाट पर नहाने के दौरान हुआ हादसा

25
0

रायपुर – रायपुर जिले के अभनपुर स्थित गोबरा नवापारा नगर के नेहरू घाट पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। महानदी में नहाने के दौरान 35 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, गोताखोरों और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था। जानकारी के अनुसार, इंदिरा मार्केट निवासी प्रदीप कश्यप (35 वर्ष) शनिवार दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच अपनी पत्नी के साथ नेहरू घाट पहुंचे थे। प्रदीप नदी में स्नान कर रहे थे, जबकि उनकी पत्नी किनारे पर कपड़े धो रही थीं। इसी दौरान प्रदीप अनजाने में गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे।

बताया जा रहा है कि डूबते समय प्रदीप ने मदद के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन उनकी पत्नी ने पहले इसे मजाक समझ लिया। कुछ ही क्षणों बाद प्रदीप नदी के पानी में लापता हो गए। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उनकी पत्नी ने आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग नेहरू घाट पहुंच गए और अपने स्तर पर युवक की तलाश शुरू कर दी। सूचना मिलने पर गोबरा नवापारा थाना पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों और रेस्क्यू टीम को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। स्थानीय युवकों ने भी नदी में उतरकर युवक की तलाश की, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिल सकी। फिलहाल महानदी में गोताखोरों और रेस्क्यू टीम द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रही है और युवक की तलाश के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।