कानपुर – गोविंदनगर में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ठग ने पहले बैंक खाते से 2.80 लाख रुपये पार कर दिए। इसके बाद खुद ही पीड़ित को फोन करके इसकी जानकारी दी। 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करने की सलाह भी दी। गोविंद नगर थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके साइबर सेल की मदद से ठग के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
डेरी संचालक ज्ञानू सिंह का खाता इंडसइंड बैंक की गोविंदनगर शाखा में है। उन्होंने बताया कि 22 जून को टीडीएस की रकम 2.36 लाख रुपये खाते में ट्रांसफर हुई थी। रकम खाते में आते ही अलग-अलग नंबरों से वाट्सएप काल और मैसेज आने शुरू हो गए। किसी अनहोनी की आशंका पर बैंक से संपर्क किया तो बैंक अधिकारियों ने ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से भी साझा न करने की सलाह दी।
उन्होंने इसका पालन भी किया, लेकिन 25 जून को दोपहर दो बजे बैंक खाते से 2.80 लाख रुपये निकल गए। शाम चार बजे एक अनजान नंबर से फोन काल आया। कालर ने कहा कि उसने उनके खाते से रुपये पार कर दिए हैं। वह 1930 हेल्पलाइन पर इसकी शिकायत दर्ज करा दें।
बोला, मेरा कोई कुछ बिगाड़ नहीं सकता, इसलिए खुद ही शिकायत करने के लिए कह रहा हूं। इसके बाद बैंक मैनेजर से संपर्क जानकारी की तो पता चला कि उनके खाते से 2.80 लाख रुपये ट्रांसफर हुए हैं।






