Home देश राम मंदिर चढ़ावा चोरी: कांग्रेस ने की चंपत राय की गिरफ्तारी की...

राम मंदिर चढ़ावा चोरी: कांग्रेस ने की चंपत राय की गिरफ्तारी की मांग; PM की चुप्पी और ट्रस्ट को लेकर क्या कहा?

17
0

राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले पर कांग्रेस ने ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय की गिरफ्तारी की मांग की है। पार्टी ने ट्रस्ट को भंग कर सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराने की भी मांग उठाई है

नई दिल्ली – अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे में कथित हेराफेरी को लेकर विवाद जारी है। इस बीच बुधवार को कांग्रेस ने राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पार्टी ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ट्रस्ट के सदस्यों के चयन में अपनी ‘गलती’ के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने क्या कहा?

  • कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि जब राम मंदिर का श्रेय लेने की बात आती है, तब प्रधानमंत्री सबसे आगे रहते हैं। अब चढ़ावे की कथित चोरी की जिम्मेदारी लेने से वह क्यों बच रहे हैं।
  • जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि कांग्रेस की मांग है कि ट्रस्ट को भंग किया जाए, असली दोषियों को गिरफ्तार किया जाए, पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराई जाए, नया ट्रस्ट बनाया जाए और प्रधानमंत्री देश से माफी मांगें। मोदी जी, अपनी चुप्पी तोड़िए।
  • यहां एक प्रेस वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने भी पूरे मामले की जांच सप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराने की मांग दोहराई।

    पूर्व सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने क्या मांग की?

    • कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को तुरंत भंग कर उसकी जगह नया ट्रस्ट बनाया जाना चाहिए।
    • उन्होंने कहा कि नए ट्रस्ट के सदस्यों का फैसला शंकराचार्यों, सुप्रीम कोर्ट के एक सेवानिवृत्त जज, निर्मोही अखाड़ा के प्रतिनिधियों और विभिन्न संतों तथा महात्माओं की सहमति से होना चाहिए।
    • गोहिल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि उन्होंने संतों और महात्माओं की जगह चंपत राय जैसे लोगों को ट्रस्ट में शामिल किया।
    • उन्होंने दावा किया, चढ़ावे की कथित चोरी का मामला सामने आने से पहले राम मंदिर में हर दिन 16 से 18 लाख रुपये का दान आता था। लेकिन मामला सामने आने के बाद यह राशि बढ़कर 24 से 26 लाख रुपये प्रतिदिन हो गई।
    • उन्होंने कहा कि इससे यह शक पैदा होता है कि पहले हर दिन करीब 10 लाख रुपये का गबन किया जा रहा था।
    • कांग्रेस नेता ने दावा किया कि देशभर के करोड़ों लोगों ने भगवान राम के मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धा से दान दिया। लेकिन ट्रस्ट ने इस धन का सही हिसाब जनता के सामने नहीं रखा।
    • उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। इसलिए इससे जुड़ी किसी भी कथित वित्तीय हेराफेरी को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।