Home छत्तीसगढ़ गरियाबंद: आकाश कश्यप की संदिग्ध मौत पर विवाद, बहन ने SP और...

गरियाबंद: आकाश कश्यप की संदिग्ध मौत पर विवाद, बहन ने SP और CM हेल्पलाइन से लगाई गुहार

16
0

“हत्या की FIR दर्ज हो”: परिजनों का आरोप, पुलिस बोली पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

गरियाबंद, 17 जून 2026। मैनपुर तहसील मुख्यालय के ठाकुरदेव पारा निवासी 28 वर्षीय युवक आकाश कश्यप पिता चुम्मनलाल कश्यप की 1 जुलाई को इलाज के दौरान मौत का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। मृतक की बहन आकांक्षा कश्यप ने इसे हत्या बताते हुए पुलिस अधीक्षक और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई है।

बहन ने लगाए गंभीर आरोप
आकांक्षा कश्यप ने SP गरियाबंद को आवेदन सौंपकर कहा कि 29 जून 2026 की रात उनके भाई आकाश के साथ कुछ युवकों ने जानलेवा मारपीट की थी। आरोप है कि मारपीट के बाद उसे देर रात सरकारी अस्पताल मैनपुर के बाहर छोड़कर आरोपी फरार हो गए।

परिजनों के अनुसार रातभर एम्बुलेंस के नीचे पड़े रहने के बाद सुबह अस्पताल खुलने पर इलाज शुरू हुआ। प्राथमिक उपचार के बाद घर लाए गए, लेकिन दर्द बढ़ने पर फिर मैनपुर CHC ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान 1 जुलाई को आकाश की मौत हो गई। इसके बाद पोस्टमार्टम कराकर पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया।

आकांक्षा ने आरोप लगाया कि आकाश अनुसूचित जाति से थे और थाना मैनपुर में संज्ञेय अपराध की सूचना देने के बावजूद FIR दर्ज नहीं की गई। उन्होंने बीएनएसएस 2023 की धारा 173(4) के तहत तत्काल अपराध पंजीबद्ध करने, उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच और अस्पताल के CCTV फुटेज सुरक्षित करने की मांग की है। उनका कहना है कि CCTV में आरोपियों के चेहरे सामने आ सकते हैं।

CM हेल्पलाइन और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
मृतक की बहन ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर भी फोन कर न्याय की मांग की है। साथ ही उनका एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे भाई के लिए न्याय की अपील कर रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद कई जनप्रतिनिधियों ने भी परिजनों को समर्थन दिया है।

पुलिस का बयान
इस मामले में मैनपुर थाना प्रभारी सिद्धेश्वर प्रताप सिंह ने कहा कि “युवक की मौत के कई कारण हो सकते हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। परिजनों ने आवेदन देकर मौत पर संदेह जताया है, हर पहलू की जांच की जा रही है।”फिलहाल मामले में पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।