Home छत्तीसगढ़ कोरबा: लड़की की ड्रेस में आया बदमाश, कट्टे की नोक पर ज्वेलर्स...

कोरबा: लड़की की ड्रेस में आया बदमाश, कट्टे की नोक पर ज्वेलर्स शॉप से सोना लूटकर फरार

28
0

1 मिनट में अंजाम दी वारदात, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

कोरबा – छत्तीसगढ़ के कोरबा से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी स्थित एक ज्वेलर्स शॉप में तीन बदमाश घुस गए इनमें से दो बदमाशों ने कट्टा दिखाकर व्यवसायी के साथ हाथापाई की, जबकि लड़की की ड्रेस में पहुंचे तीसरे बदमाश ने दुकान से सोना लूट लिया. पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई. बदमाश महज एक मिनट के भीतर लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश के साथ मामले की जांच में जुट गई है.

कटघोरा थाना क्षेत्र के बहुचर्चित राज ज्वेलर्स छुरी लूट प्रकरण का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई की गई। थाना कटघोरा और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है।

प्रार्थी राजकुमार अग्रवाल ने बीती एक जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दोपहर करीब एक बजे वह अपनी राज ज्वेलर्स दुकान में अकेले थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से तीन लोग ग्राहक बनकर पहुंचे। तीनों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था, जिसमें एक महिला के भेष में था।

आरोपियों ने चांदी की अंगूठी दिखाने के बहाने दुकानदार को काउंटर तक बुलाया। एक आरोपी ने दरवाजा बंद कर दिया और दूसरे ने देसी कट्टा छाती पर अड़ा दिया। तीसरे ने आंखों में मिर्च पाउडर डालने का प्रयास किया और बैग में आभूषण भरने लगी। बाहर भीड़ जमा होने से घबराकर तीनों देसी कट्टा और चोरी की मोटरसाइकिल छोड़कर भाग निकले।

आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपाल सिंह गोंड (38 वर्ष, निवासी घुचापुर) और परदेशी राठिया (40 वर्ष, निवासी जिलगा बरपाली) के रूप में हुई है। फरार आरोपी विष्णु प्रसाद राठिया (निवासी कोलगा) है। पूछताछ में पता चला कि तीनों पूर्व में हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों में सजा काटकर जेल से छूटे थे। जेल में ही इनकी दोस्ती हुई और रिहाई के बाद लूट की योजना बनाई। इसके लिए उन्होंने चोरी की मोटरसाइकिल और देसी कट्टे का उपयोग किया था।