Home छत्तीसगढ़ दो पत्नियों के विवाद में पति का खतरनाक कदम, टावर पर चढ़कर...

दो पत्नियों के विवाद में पति का खतरनाक कदम, टावर पर चढ़कर किया जमकर हंगामा

28
0

धमतरी – भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम भेंड्रा में रविवार शाम एक युवक ने अपनी दो पत्नियों को एक साथ रखने की जिद में ऐसा हाई-वोल्टेज ड्रामा किया कि पूरे गांव में हड़कंप मच गया। दो पत्नियों के बीच चल रहे विवाद से नाराज युवक करीब 100 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे नीचे उतारने की कोशिश शुरू की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। आखिरकार दोनों पत्नियों के समझाने पर करीब डेढ़ घंटे बाद वह सुरक्षित नीचे उतरा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम भेंड्रा निवासी यादराम साहू (30) किसान है। उसने वर्ष 2019 में पहली और 2022 में दूसरी शादी की थी। शुरुआत में तीनों एक ही घर में रहते थे, लेकिन समय के साथ दोनों पत्नियों के बीच विवाद बढ़ गया। इसके बाद दूसरी पत्नी अलग रहने लगी। यादराम चाहता था कि दोनों पत्नियां फिर से उसके साथ एक ही घर में रहें, लेकिन दोनों इसके लिए तैयार नहीं थीं। इसी बात को लेकर रविवार शाम विवाद इतना बढ़ गया कि वह गुस्से में गांव के हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया।

ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना भखारा पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसकी दोनों पत्नियों को बुलाया। दोनों ने टावर के नीचे से उसे समझाया और सुरक्षित नीचे आने की अपील की। पत्नियों की बात सुनकर उसका गुस्सा शांत हुआ और वह नीचे उतर आया।

भखारा थाना प्रभारी शरद ताम्रकार ने बताया कि युवक शाम करीब साढ़े सात बजे टावर से नीचे उतरा। उसकी इस हरकत से गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया था। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले एक महीने में यह दूसरी बार है जब वह अपनी मांगों को लेकर हाईटेंशन टावर पर चढ़ा। भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से युवक के खिलाफ धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।