Home छत्तीसगढ़ प्रेमिका से मुलाकात न होने पर भड़का युवक, साथियों के साथ 28...

प्रेमिका से मुलाकात न होने पर भड़का युवक, साथियों के साथ 28 कारों के शीशे तोड़कर फैलाई सनसनी…

33
0

सक्ती – सक्ती जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेमिका से नहीं मिल पाने से नाराज एक नाबालिग ने अपने साथियों के साथ मिलकर कई गांवों में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान आरोपियों ने 28 कारों के शीशे तोड़ दिए और 11 वाहनों से सामान चोरी कर लिया।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 10-11 मई की रात की है। आरोपियों ने मालखरौदा और जैजैपुर क्षेत्र के काशीगढ़, तुषार, बोदसरा, कचंदा, पीहरीद, छोटे सीपत, कलमी और जमगहान सहित कई गांवों में घरों और सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाया।

घटना के दौरान बदमाशों ने कारों के शीशे तोड़ने के साथ-साथ पर्स, नकदी, इलेक्ट्रॉनिक वायर, जैक-पाना समेत करीब 47 हजार रुपये मूल्य का सामान भी चोरी कर लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सक्ती पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने 20 से 25 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और करीब 4 हजार मोबाइल नंबरों का टावर डंप के जरिए सत्यापन किया। इसके बाद टीम ने खरसिया, रायगढ़ समेत कई स्थानों पर छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई रकम में से 4 हजार रुपये नकद, पांच जैक, पांच रॉड, दो बंडल इलेक्ट्रॉनिक वायर, दो स्टेपनी टायर और दो डीजल वाइब्रेटर मशीन बरामद की है।

इस मामले में पुलिस ने दो नाबालिगों समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में हर्ष सिदार उर्फ बिट्टू (ग्राम सुखदा निवासी) और गुलशन कुमार बरेठ (ग्राम सुखदा निवासी) शामिल हैं। दो अन्य विधि से संघर्षरत बालकों की भी पहचान कर कार्रवाई की गई है।

इन घटनाओं को लेकर मालखरौदा थाना में 6 और जैजैपुर थाना में 5 अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए थे। पुलिस ने सभी मामलों का खुलासा करते हुए गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है।