Home छत्तीसगढ़ गरियाबंद – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया कचना ध्रुवा गोंडवाना भवन का...

गरियाबंद – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया कचना ध्रुवा गोंडवाना भवन का लोकार्पण, 63 लाख के विकास कार्यों की घोषणा

42
0

“आदिवासी संस्कृति, परंपरा और विकास के संगम का प्रतीक बनेगा गोंडवाना भवन” – मुख्यमंत्री साय

गरियाबंद, 17 जून 2026 – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को गरियाबंद जिले के ग्राम दर्रापारा में 1.07 करोड़ की लागत से नवनिर्मित कचना ध्रुवा गोंडवाना भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने भवन के विकास के लिए 63 लाख रुपए के कार्यों की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भवन आदिवासी समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा।

पगड़ी-पीला चावल से हुआ स्वागत, देवठाना में की पूजा
अखिल भारतीय गोंडवाना गोंड महासभा केंद्रीय समिति बिंद्रानवागढ़ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का आदिवासी परंपरा के अनुरूप पगड़ी पहनाकर और पीला चावल से तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने आदिवासी देवस्थल देवठाना में परंपरागत विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत उन्होंने पीपल का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने भी वृक्षारोपण किया।

मुख्यमंत्री की 4 बड़ी घोषणाएं – 63 लाख के काम
मुख्यमंत्री साय ने गोंडवाना भवन के विकास के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं: बाउंड्रीवाल निर्माण: 27 लाख रुपए छात्र-छात्राओं के लिए ग्रंथालय: 20 लाख रुपए भगवान कचना ध्रुवा की मूर्ति स्थापना: 6 लाख रुपए भवन सौंदर्यीकरण: 10 लाख रुपए

“कभी नक्सलवाद का खौफ था, आज शांति-विकास का माहौल” – सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि कचना ध्रुवा की पवित्र भूमि आदिवासी समाज की आस्था, संस्कृति और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “कभी यहां नक्सलवाद का खौफ था, आज शांति और विकास का माहौल है।” जनता के आशीर्वाद से बनी सरकार “मोदी की गारंटी” के अनुरूप काम कर रही है। ढाई वर्ष में गरीब, किसान, महिला, युवा और हर वर्ग के हित में फैसले लिए गए हैं।

बिजली बिल माफी और डिजिटल सेवा का जिक्र
सीएम ने मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश में अब तक 757 करोड़ रुपए का बिजली बिल माफ किया गया है। सरचार्ज माफी के लिए उपभोक्ता नजदीकी बिजली कार्यालय में पंजीयन कराएं। अटल डिजिटल केंद्रों से आय, जाति व अन्य प्रमाण पत्र आसानी से मिल रहे हैं। किसानों को नैनो डीएपी और नैनो यूरिया अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से खाता विभाजन, फौती, ट्रांसफार्मर जैसी समस्याओं का समाधान हो रहा है।

“संस्कृति संरक्षण के साथ आत्मनिर्भर बनाना लक्ष्य”: नेताम
आदिम जाति विकास मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि समाज की मांग पर ढाई एकड़ भूमि में यह बेहतर भवन बना है। उन्होंने कहा, “सबसे बड़ी चुनौती संस्कृति और परंपराओं को सुरक्षित रखते हुए समाज को शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाना है।”

ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक रोहित साहू, पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक गोवर्धन मांझी, अखिल भारतीय अमात गोंड समाज के केंद्रीय अध्यक्ष ओंकार शाह, शिशुपाल सोरी, नीलकंठ टेकाम, आसाराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर, कलेक्टर भगवान सिंह उइके, एसपी वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, महासभा सदस्य, महिलाएं व युवा उपस्थित रहे।