Home छत्तीसगढ़ केशकाल घाट फिर बना दुर्घटना स्थल : ब्रेक फेल होने से पलटा...

केशकाल घाट फिर बना दुर्घटना स्थल : ब्रेक फेल होने से पलटा ऑक्सीजन टैंकर, ड्राइवर की समझदारी ने बचाई कई जिंदगियां

21
0
केशकाल घाट के आठवें मोड़ पर ब्रेक फेल होने से ऑक्सीजन टैंकर पलट गया। ड्राइवर की सूझबूझ से ऑक्सीजन का नियंत्रित रिसाव कर बड़ा हादसा टाल दिया गया।

कोंडागांव – राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित केशकाल घाट में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब जगदलपुर से ओडिशा के झारसुगुड़ा ऑक्सीजन लेकर जा रहा एक टैंकर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना के बाद टैंकर से ऑक्सीजन का रिसाव होने लगा, जिससे कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए यातायात को नियंत्रित किया। हादसे में चालक उदय ठाकुर को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।

 

चालक उदय ठाकुर ने बताया कि घाट में उतरते समय अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए, जिससे टैंकर पर नियंत्रण रखना मुश्किल हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने सूझबूझ का परिचय देते हुए समय रहते टैंक का सेफ्टी वाल्व खोल दिया, जिससे ऑक्सीजन नियंत्रित रूप से बाहर निकलती रही। चालक के अनुसार, यदि टैंक पूरी तरह बंद रहता तो दबाव बढ़ने से बड़ा विस्फोट हो सकता था, जिससे जनहानि और भारी नुकसान की आशंका थी।

घाटी के आठवें मोड़ पर पलटा ऑक्सीजन टैंकर
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे जगदलपुर से ओडिशा की ओर जा रहा ऑक्सीजन टैंकर केशकाल घाट के आठवें मोड़ पर पहुंचा था। इसी दौरान टैंकर का ब्रेक फेल हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

ड्राइवर ने दिखाई सूझबूझ
हादसे के बाद सबसे बड़ी चिंता टैंकर में भरी ऑक्सीजन को लेकर थी, स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने टैंकर की नलकी से नियंत्रित तरीके से ऑक्सीजन का रिसाव कर दिया। यदि ऐसा नहीं किया जाता तो दबाव बढ़ने से बड़ा हादसा होने की आशंका थी।

पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मौके का निरीक्षण कर सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाए। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। घटना के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। चालक की तत्परता और समझदारी से एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया, जिसकी स्थानीय लोगों और प्रशासन ने सराहना की है।