अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर कहा कि समझौता पूरा हो चुका है और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को तुरंत खोल दिया जाएगा. उनकी इस घोषणा के बाद ही कच्चे तेल की कीमत में जोरदार गिरावट आई और ब्रेंट क्रूड 85 डॉलर प्रति बैरल से नीचे चला गया.
नई दिल्ली – अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता होने की खबर से कच्चे तेल के दाम में जोरदार गिरावट आई है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ शांति समझौते की घोषणा और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को तुरंत खोलने के ऐलान के बाद ब्रेंट क्रूड 3.5% से ज्यादा गिरकर 83.48 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया. वहीं अमेरिकी कच्चा तेल डब्ल्यूटीआई करीब 5% टूटकर 80.61 डॉलर बैरल पर आ गया.
फरवरी के अंत में अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से ही कच्चे तेल की कीमतों में जोरदार इजाफा हुआ था. एक बार तो ब्रेंट क्रूड 120 डॉलर बैरल तक पहुंच गया था. इस युद्ध से पहले क्रूड का रेट 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास चल रहा था. पश्चिम एशिया में तनाव के कारण महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग होर्मुज बंद है. यहां से दुनिया का 20 फीसदी कच्चा तेल गुजरता है. अब इसके खुलने के ऐलान से दुनिया ने राहत की सांस ली है.
तेल की कीमतों में गिरावट की सबसे बड़ी वजह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का दोबारा खुलना है. इसके खुलने से समुद्री व्यापार सामान्य होने की उम्मीद है और एशियाई देश फिर से खाड़ी क्षेत्र से तेल आयात शुरू कर सकेंगे. इसके अलावा, इसी महीने पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन ने जुलाई से उत्पादन कोटा बढ़ाने की घोषणा भी की थी.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर समझौते की घोषणा करते हुए कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को तुरंत खोल दिया जाएगा और अमेरिका द्वारा लगाया गया नौसैनिक प्रतिबंध भी हटा लिया जाएगा. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम ग़रीबाबादी ने इस समझौते की पुष्टि की है. हालांकि ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और संसद अध्यक्ष गालिबाफ की ओर से अभी आधिकारिक बयान नहीं आया है.






