गरियाबंद / छुरा – खरीफ सीजन के दौरान किसानों को खाद, बीज और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं किसान कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को छुरा में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं किसानों ने आदिम जाति सेवा सहकारी समिति में प्रतीकात्मक तालाबंदी कर केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग की। धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि खरीफ सीजन की शुरुआत के बावजूद किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद, बीज एवं डीजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है। किसानों को आवश्यक कृषि सामग्री के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है और समय पर संसाधन उपलब्ध नहीं होने से आगामी फसल उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश के किसान पहले से ही बढ़ती लागत, मौसम की अनिश्चितता और कृषि संबंधी अन्य चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे समय में खाद-बीज की कमी किसानों की परेशानियों को और बढ़ा रही है। कांग्रेस ने शासन से मांग की कि सभी सहकारी समितियों एवं कृषि केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में खाद, बीज एवं डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।धरना सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने कहा कि प्रदेश का किसान खाद-बीज के लिए परेशान है, लेकिन सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की उपेक्षा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी और कांग्रेस पार्टी किसानों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से लड़ती रहेगी।
जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष बालमुकुंद मिश्रा ने कहा कि खेती-किसानी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन किसानों को समय पर खाद, बीज और डीजल नहीं मिलना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुकी है, जिसके कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से व्यवस्था में तत्काल सुधार कर किसानों को राहत देने की मांग की। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष माहेश्वरी शाह ने अपने संबोधन में कहा कि किसान आज अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। खाद-बीज की किल्लत, गैस, डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतें, बिजली दरों में वृद्धि तथा अवैध रेत खनन जैसी समस्याओं ने आम जनता और किसानों की चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी चरणबद्ध एवं उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
धरना-प्रदर्शन में यशपेंद्र शाह, समद खान, राजकुमारी सोनी, भानु प्रताप भारद्वाज, हाजी चिराग अली, मंजू ध्रुव, पुष्पा ध्रुव, रमेश शर्मा, शमीम खान, सलीम मेमन, अवधेश प्रधान, बालमुकुंद चंद्राकर, रमेश चंद्राकर, पंचराम टंडन, रामजी दीवान, देवसिंह नेताम, शांतनु देवांगन, रिखीराम यादव, पुनीत ध्रुव, केवल साहू, चैतन ठाकुर, नीलकंठ ठाकुर, चमन साहू, अशोक दीक्षित, शैलेन्द्र दीक्षित, असूल तिवारी, सोनू दीक्षित, मोनू दीक्षित, अमृत निर्मलकर, इन्द्रमन सिंह, मन्नूलाल चौहान, ओमप्रकाश साहू, अखिल चौबे, विकास दुबे, अल्ताफ खान, रियाज साहिल, वीरेंद्र निर्मलकर, यशवंत, संतुराम उत्तम चंद्राकर, कुंदन निर्मलकर, प्रताप ठाकुर, मुस्कान साहू, हरिराम सिन्हा, लखन साहू, अनुसुइया यादव, दीप्ति यादव, गणेशी ठाकुर, इंदु देवांगन, यामीन खान, लक्ष्मी ठाकुर, अहिल्या, राजबाई, खिलावन चंद्राकर, अमानुल्ला खान, नसीब खान, परनिया बाई, संतन ठाकुर, सालिक राम, रामायण कंवर, आनंद निषाद, विमल ठाकुर, विमल सेनापति, केशव चंद्राकर, लोकराम यादव, चित्रसेन डड़सेना, गजेंद्र साहू, राजू निषाद, भानु साहू, डागेश्वर ओटी, शिवदास मानिकपुरी, पुनारद जगत, रिखीदास, देवलाल साहू, मनहरण साहू, सुरेंद्र मार्कण्डेय, विजय ध्रुव, संतोष यादव, ईश्वर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रभारी महामंत्री हरीश यादव द्वारा किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान तक उनका संघर्ष जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।






