Home देश खान सर हुए अंडरग्राउंड, रात भर ढूंढ़ती रही पुलिस, कोर्ट में कर...

खान सर हुए अंडरग्राउंड, रात भर ढूंढ़ती रही पुलिस, कोर्ट में कर सकते हैं सरेंडर

40
0

खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर के खिलाफ दर्ज एफआईआर के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए हैं, लेकिन अभी तक उनका पता नहीं चल सका है.

पटना – कोचिंग विवाद में खुद फंसने के बाद से खान सर अंडरग्राउंड हो गए हैं. फायरिंग मामले में दर्ज प्राथमिकी में खान सर को नामजद किया गया. उन पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं. इधर, पटना पुलिस ने छात्रों से शांति बनाए रखने और किसी के बहकावे में नहीं आने की अपील की है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कोचिंग संस्थानों की प्रतिस्पर्धा के बीच कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. वहीं, खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. इस बीच चर्चा है कि खान सर कानूनी सलाह लेने के बाद अदालत में सरेंडर कर सकते हैं. हालांकि, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

खान सर कोचिंग विवाद पर क्या बोले प्रशांत किशोर

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव, नीट पेपर लीक मामले और खान सर कोचिंग विवाद पर प्रतिक्रिया दी. खान सर के खिलाफ दर्ज एफआईआर और संभावित गिरफ्तारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह कोचिंग संस्थानों के बीच का आपसी विवाद और प्रतिस्पर्धा का मामला है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह इस विषय के विशेषज्ञ नहीं हैं और उन्हें पूरे घटनाक्रम की पर्याप्त जानकारी भी नहीं है. इसलिए बिना तथ्यों की पूरी जानकारी के वह इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते.

खान सर मामले पर क्या बोले आप नेता संजय सिंह

आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह ने खान सर मामले पर एक्स पर पोस्ट किया. उन्होंने कहा कि इसे यादव-मुस्लिम लड़ाई न बनाएं. उन्होंने लिखा- ‘इस लड़ाई को यादव-मुस्लिम मत बनाइये BJP दोनों की दुश्मन है. सब लोग देखते रहिए सरकार जल्द से जल्द ED, CBI, इनकम टैक्स की रेड भी खान Sir पर करायेगी. सरकार ने तैयारी करनी शुरू कर दी होगी.”

वकीलों से सलाह ले रहे खान सर

सूत्रों के अनुसार, खान सर फिलहाल सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आ रहे हैं और कानूनी रणनीति तैयार करने में जुटे हैं. बताया जा रहा है कि वे अपने वकीलों से लगातार सलाह-मशविरा कर रहे हैं. उधर, पटना पुलिस मामले की जांच तेज कर चुकी है और कोचिंग संस्थान के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई. वहीं बड़ी संख्या में छात्र भी खान सर के समर्थन में कोचिंग परिसर के आसपास जुटे हुए हैं.

खान सर की कोचिंग के बाहर 1 बजे रात तक डटे रहे छात्र

पटना के चर्चित कोचिंग फायरिंग मामले में फैजल खान उर्फ खान सर की गिरफ्तारी को लेकर सस्पेंस बरकरार है. प्राथमिकी दर्ज होने के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई. सूत्रों के मुताबिक, रात भर खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर छात्रों की भीड़ जुटी रही और पुलिस की गाड़ियां लगातार इलाके में आती-जाती रहीं. हालांकि, गिरफ्तारी की कोई कार्रवाई सामने नहीं आई. इधर पुलिस मामले की जांच जारी रखे हुए है और बताया जा रहा है कि आज भी कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई और दबाव बनाने की कोशिश की जा सकती है.

बार-बार बदलते बयानों पर उठे सवाल, जांच के केंद्र में खान सर

पटना के चर्चित कोचिंग विवाद में फैजल खान उर्फ खान सर के बयानों को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक में उनके अलग-अलग बयानों पर भी चर्चा हुई. शुरुआती दौर में खान सर ने कोचिंग सेंटर के बाहर 10 से 12 राउंड फायरिंग का दावा किया था और आरोप ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद पर लगाए थे. बाद में वायरल वीडियो सामने आने और जांच आगे बढ़ने के बाद उन्होंने कहा कि सुरक्षा गार्डों ने आत्मरक्षा में गोली चलाई थी. इस बीच, उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कोचिंग सेक्टर पर संभावित असर की भी बात कही. इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी.

खान सर पर दर्ज हुई एफआईआर

गार्ड्स ने पूछताछ में कहा कि खान सर के आदेश पर हवाई फायरिंग की थी. आत्मरक्षा में गोली चलाई गई थी. जांच के दौरान पुलिस ने फैजल खान उर्फ खान सर को भी नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज की. उन पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. प्राथमिकी में आरोप लगाया गया कि घटना के दौरान उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को गोली चलाने के लिए उकसाया. हालांकि खान सर ने कहा कि उन्हें एफआईआर की जानकारी नहीं है और वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे.

खान के गार्डों ने ही चलाई थी गोली

खान सर ने दावा किया था कि उनके कोचिंग सेंटर के बाहर कई राउंड फायरिंग हुई. इस बयान के बाद मामला और गंभीर हो गया. हालांकि बाद में पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में गोली चलने के दावों पर सवाल उठे. इसी दौरान सोशल मीडिया पर कई वीडियो भी वायरल हुए, जिनकी जांच शुरू की गई. पुलिस जांच में एक वीडियो सामने आया, जिसमें दो सुरक्षा गार्ड हथियार के साथ फायरिंग करते दिखाई दिए. इसके बाद दोनों गार्डों को हिरासत में लिया गया. दोनों खान सर के ही सुरक्षा गार्ड थे, पुलिस के अनुसार दोनों के पास लाइसेंसी हथियार थे और वे एक निजी सुरक्षा एजेंसी से जुड़े थे. हथियारों को जब्त कर एफएसएल जांच के लिए भेजा गया और दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

कोचिंग सेंटर पर फायरिंग और तोड़फोड़

2 जून की रात खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में पथराव और तोड़फोड़ की घटना हुई. संस्थान की ओर से आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों ने कैंपस में घुसकर हंगामा किया, होर्डिंग तोड़े और सुरक्षा गार्डों के साथ मारपीट की. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. खान सर ने इसे सुनियोजित हमला बताया, जबकि दूसरे पक्ष ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था.

बैनर फाड़ने से शुरु हुआ था विवाद

पटना के कदमकुआं स्थित कैंपस में संचालित खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग के बीच विवाद की शुरुआत कथित तौर पर एक बैनर फाड़े जाने की घटना से हुई. ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से आरोप लगाया गया कि उनके संचालक रौशन आनंद का प्रचार बैनर फाड़ा गया. इसके बाद दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच तनाव बढ़ने लगा और मामला धीरे-धीरे टकराव में बदल गया.