पटना के खान ग्लोबल स्टडीज में हुई तोड़फोड़ और कथित फायरिंग मामले में नया मोड़ सामने आया है. पुलिस ने सुरक्षा गार्डों के बयान के आधार पर संस्थान संचालक फैजल खान उर्फ खान सर को FIR में नामजद किया है. मामले की जांच के लिए विशेष टीम बनाई गई है, जबकि जब्त हथियारों को FSL जांच के लिए भेजा गया है.
पटना – बिहार की राजधानी पटना में ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ में हुई तोड़फोड़ और फायरिंग के मामले में नया मोड़ सामने आया है. पुलिस ने गार्डों के बयान के आधार पर संस्थान के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर के खिलाफ कदमकुआं थाने में मामला दर्ज किया है. आरोप है कि घटना के दौरान हुई फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल बना. पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सुरक्षा गार्ड प्रदीप कुमार और तालेबर सिंह ने पूछताछ के दौरान बयान दिया कि पथराव और हंगामे के दौरान उन्हें फायरिंग करने के लिए कहा गया था. गार्डों के अनुसार, उन्होंने चार राउंड हवाई फायरिंग की, जिसमें दोनों ने दो-दो राउंड गोलियां चलाईं. पत्थरबाजी के दौरान खान सर ने उनसे कहा था कि, “देख क्या रहे हो, गोली चलाओ जो होगा मैं देख लूंगा”.
बता दें कि चर्चित ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ कोचिंग सेंटर में हुई तोड़फोड़ और कथित फायरिंग के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. इस मामले में कोचिंग संस्थान के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर का नाम प्राथमिकी में शामिल किया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर उनसे पूछताछ की जा सकती है. बता दें कि बीते मंगलवार देर रात खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में कथित तौर पर 15 से 20 लोगों के समूह ने हमला किया था. इस दौरान संस्थान परिसर में तोड़फोड़ और पथराव की घटना सामने आई. घटना के बाद खान सर ने दावा किया था कि उनके सामने ही दूसरे कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों द्वारा फायरिंग की गई थी. हालांकि बाद में घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया.






