Home छत्तीसगढ़ नेशनल हाईवे सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं...

नेशनल हाईवे सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा – राजिम MLA रोहित साहू

35
0

नेशनल हाईवे निर्माण कार्य का MLA रोहित साहू ने किया औचक निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण काम के दिए निर्देश

गरियाबंद – राजिम MLA रोहित साहू ने नगर क्षेत्र में चल रहे नेशनल हाईवे-130 सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान MLA साहू ने नेशनल हाईवे के एसडीओ और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से चर्चा कर कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए तथा निर्माण की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। MLA ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान MLA ने भुतेश्वरनाथ चौक के समीप चल रहे नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाली निर्माण के साथ पाइपलाइन से संबंधित कार्य भी शीघ्र पूर्ण किया जाए ताकि आम नागरिकों और व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस दौरान MLA ने सड़क किनारे स्थित व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य के दौरान कुछ समय के लिए असुविधा होना स्वाभाविक है, लेकिन सड़क निर्माण पूरा होने के बाद बेहतर यातायात व्यवस्था, सुगम आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने और आम जनता की सुविधाओं का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, नगर पालिका उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, आशीष शर्मा, सागर मयाणी, अजय रोहरा, राधेश्याम सोनवानी, अमित बखरिया, सुमित पारख, पार्षद विष्णु मरकाम, रेणुका साहू, बिंदु सिन्हा, मधु देवांगन, खेम सिंह बघेल, पुष्पा साहू, सूरज सिन्हा, प्रतीक तिवारी, प्रतीक सिंह, प्रकाश सोनी सहित नगर पालिका के पार्षदगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।