Home देश CM योगी का बड़ा ऐलान – फाजिल नगर अब कहलाएगा पावागढ़, बोले-...

CM योगी का बड़ा ऐलान – फाजिल नगर अब कहलाएगा पावागढ़, बोले- यूपी से मच्छर और माफिया दोनों खत्म

29
0
उत्तर प्रदेश सरकार ने कुशीनगर के फाजिलनगर का नाम बदलकर पावागढ़ करने का ऐलान किया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान महावीर से जुड़े ऐतिहासिक महत्व का हवाला देते हुए घोषणा की. साथ ही जिले को 424 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी.

फाजिलनगर उप्र – उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक और जिले के नाम को बदलने का ऐलान किया है. कुशीनगर जिले के फाजिलनगर का नाम अब बदलकर पावागढ़ किया जाएगा. कुशीनगर में 424 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के सौगात के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए इसका आधिकारिक ऐलान किया. इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि जब इस भूमि का संबंध भगवान महावीर से है तो हम इसे फाजिल क्यों कहेंगे.

भगवान महावीर के नाम पर पावागढ़ को मिलेगी नई पहचान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग का जिक्र करते हुए नाम बदलने की घोषणा की. उन्होंने मंच से कहा ‘आपकी जो मांग होती है फाजिलनगर के विधायक जी और सांसद जी उसे पूरा करते हैं. अब हमने इसके नामकरण का भी प्रस्ताव कर दिया है. अब यह फाजिलनगर नहीं होगा बल्कि पावागढ़ के रूप में हम इसे मान्यता देने जा रहे हैं. भगवान महावीर के नाम से इसका नाम होगा. क्यों हम फाजिल कहेंगे. ‘सीएम योगी ने कहा कि साल 2022 से पहले तमकुहीराज और फाजिलनगर के नाम पर सिर्फ राजनीतिक मसखरेबाजी होती थी. लेकिन अब इसे अपनी प्राचीन और गौरवशाली पहचान वापस मिलेगी.

कुशीनगर को 424 करोड़ की सौगात 

अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के बाद तमकुहीराज और पावा नगर की पवित्र भूमि पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कुशीनगर को प्रगति की नई राह दिखाई.उन्होंने जिले के लिए 424 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 278 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने पुरानी सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि करीब 9-10 साल पहले कुशीनगर पहचान के संकट,जंगल पार्टी के आतंक और विभिन्न माफियाओं के राज से जूझ रहा था, जिसे उनकी सरकार ने खत्म किया है.

मच्छर और माफिया दोनों का किया इलाज’

पिछली व्यवस्थाओं पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था और स्वास्थ्य सुधारों पर अपनी पीठ थपथपाई. उन्होंने कहा ‘हमारी सरकार में मच्छर और माफिया दोनों का इलाज कर उन्हें जड़ से खत्म किया गया है. अब बीमारी भी दूर हो गई है और क्राइम भी.’ उन्होंने याद दिलाया कि कैसे पहले इंसेफ्लाइटिस जैसी खतरनाक बीमारी यहां के मासूम बच्चों की जान ले रही थी और खनन व बालू माफियाओं का आतंक था. लेकिन आज की 25 साल से कम उम्र की युवा पीढ़ी उस खौफ और अराजकता से पूरी तरह मुक्त है.