कवर्धा – कबीरधाम जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। अश्लील वीडियो के जरिए कथित ब्लैकमेलिंग से परेशान एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बोरी में भरकर ट्रैक्टर से कुछ किलोमीटर दूर ले जाकर फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले का आज रविवार को खुलासा करते हुए महिला, उसके पति और देवर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
चौकी पोंडी क्षेत्र के ग्राम बैहरसरी निवासी कोमल वर्मा 28 मई की रात से लापता था। परिजनों ने अगले दिन गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी बीच थाना पांडातराई क्षेत्र के ग्राम सोंढा में एक बोरी के भीतर युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की कॉल डिटेल और अंतिम लोकेशन खंगाली। पड़ताल में सामने आया कि घटना से पहले उसकी बातचीत मंदाकिनी वर्मा नामक महिला से हो रही थी। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया।






