बेरूत – पूर्वी लेबनान के एक गांव पर इजराइल के हवाई हमले में 12 लोगों की मौत हो गई। लेबनान की सरकारी शूत्र ने मंगलवार को यह जानकारी दी। लेबनान के बेका घाटी क्षेत्र में सोमवार देर रात किए गए इस हमले से पहले इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा था कि उन्होंने लेबनान में हिजबुल्ला आतंकवादी समूह को निशाना बनाकर और अधिक तीव्र हमले करने का फैसला किया है।
इजराइली सेना ने इस विशेष हमले पर कोई टिप्पणी नहीं की लेकिन उसने सोमवार को कहा था कि वह पूर्वी लेबनान में हिजबुल्ला के बुनियादी ढांचे को निशाना बना रही है। बचावकर्मियों ने बताया कि दक्षिणी और पूर्वी लेबनान के बड़े हिस्सों को निशाना बनाकर रातभर किए गए भीषण हमलों के बाद मलबे से 12 शव निकाले गए। लेबनान और इजराइल के सैन्य प्रतिनिधिमंडलों की वाशिंगटन में होने वाली सीधी बातचीत से तीन दिन पहले ये हमले किए गए।






