नई दिल्ली – अमित शाह ने शुक्रवार को ऐलान किया कि शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री होंगे। इस मौके पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल की नई सरकार कैसी होगी और किस दिशा में काम करेगी। अमित शाह ने साफ किया कि बीजेपी सरकार पश्चिम बंगाल और असम को अभेद्य किला बना देगी। अब घुसपैठियों के लिए बंगाल में घुसना असंभव होगा। कोलकाता में भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी को बंगाल का अगला मुख्यमंत्री नियुक्त किया और सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हिंसा और धमकियों की कई घटनाएं हुई हैं, लेकिन बंगाल चुनाव में लोगों ने भाजपा पर भरोसा जताया है।
अमित शाह ने कोलकाता में भाजपा विधायक दल की बैठक में कहा, “पश्चिम बंगाल के विकास के लिए हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेंगे। बंगाल चुनाव में मिली जीत बेहद महत्वपूर्ण है। इस प्रचंड जनादेश के साथ हमारी जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है।” इसके साथ ही उन्होंने वादा किया कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद घुसपैठ और गौ-तस्करी असंभव हो जाएगी।
बंगाल की जनता को धन्यवाद कहा
अमित शाह ने कहा, “मैं हाथ जोड़कर बंगाल की जनता का कोटि-कोटि धन्यवाद करना चाहता हूं। कम्युनिस्टों के समय से जिस प्रकार का माहौल बनाया जाता था, ममता जी ने इसे और गहरे तरीके से भय में परिवर्तित किया। वहां मत की अभिव्यक्ति लगभग असंभव थी, हिंसा और क्रूरता के सैकड़ों उदाहरण उसके प्रमाण हैं। उसके बीच भाजपा और हमारे नेता श्री नरेन्द्र मोदी पर भरोसा कर बंगाल की जनता ने जो प्रचंड विजय हमें दी है, उसके लिए मैं बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं। बंगाल की जनता ने हमसे जो अपेक्षा रखी और जिन आशाओं के साथ हमें बहुमत दिया है, हम पूरा प्रयास करेंगे कि आपके विश्वास को तनिक भी ठेस न पहुंचे, इसमें कोई कमी न हो। हम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि सोनार बांग्ला के लक्ष्य को लेकर हम चलें और बंगाल की जनता की अपेक्षाओं को हम पूर्ण करें।”






