Home छत्तीसगढ़ IPL मैच में दर्शकों की जेब पर डाका! पानी 150 रुपये, खाने...

IPL मैच में दर्शकों की जेब पर डाका! पानी 150 रुपये, खाने के दाम सुनकर भड़के लोग, नए रायपुर स्टेडियम में फैंस परेशान

87
0
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए RCB vs MI मुकाबले के दौरान दर्शकों को भारी अव्यवस्था का सामना करना पड़ा।

रायपुर – छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित आईपीएल मैचों के दौरान दर्शकों के साथ हो रही अवैध वसूली और भारी ओवर चार्जिंग का मुद्दा उठाया है। इस संबंध में संस्था के संयोजक डॉ. कुलदीप सोलंकी ने प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप और दोषियों पर कड़ी कार्यवाही की मांग की है।

वित्त मंत्री को प्रेषित पत्र में बताया गया कि 10 तारीख को हुए मैच के दौरान आरसीबी (RCB) और बीसीसीआई (BCCI) के वेंडरों ने दर्शकों की मजबूरी का फायदा उठाया। 42-43 डिग्री की भीषण गर्मी के बीच सुरक्षा कारणों से पानी अंदर ले जाने पर पाबंदी थी, जिसका लाभ उठाकर 20 रुपये की पानी की बोतल 100 रुपये में बेची गई। यही नहीं, 20 रुपये का समोसा 100 रुपये में और 15 रुपये की कोल्ड ड्रिंक भी 100 रुपये में बेची जा रही है।

डॉ. सोलंकी ने पत्र में गंभीर अनियमितताओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि स्टेडियम के अंदर सारा सामान केवल ‘कैश’ में बेचा जा रहा है। ग्राहकों को कोई आधिकारिक रसीद (Bill) नहीं दी जा रही है, जो सीधे तौर पर भारी-भरकम जीएसटी (GST) चोरी का मामला है।

अनुमान है कि उक्त मैच को करीब 60000 लोगों ने देखा तथा एक ही मैच में लगभग 10 से 11 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है, जिसमें से लगभग 8 से 9 करोड़ रुपये की अवैध वसूली जनता की जेब से की गई है। अकेले पानी की बिक्री से ही 60 लाख रुपये वसूले जाने का अनुमान है।

छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने माननीय मंत्री से मांग की है कि जीएसटी कमिश्नर एवं अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के माध्यम से इस पूरे प्रकरण की सूक्ष्म जांच कराई जाए।आगामी 13 तारीख को होने वाले मैच में ऐसी लूट को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं।