भोपाल – प्रदेश में एक ओर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है, वहीं दूसरी ओर मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने कई जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर और दमोह जिलों में सोमवार को कहीं-कहीं 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रदेश में तापमान बढ़ने के पीछे हीट डोम, शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ मुख्य कारण हैं। इन परिस्थितियों के चलते गर्म हवा फंस रही है और सतह पर तापमान तेजी से बढ़ रहा है।






