रायपुर – कक्षा 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम का इंतजार कर रहे छात्रों के लिये अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ बोर्ड के 10वीं-12वीं परीक्षा परिणाम 29 अप्रैल बुधवार को जारी किये जायेंगे। इसकी घोषणा शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने की है। बुधवार को दोपहर ढाई बजे मंत्रालय महानदी भवन अटल नगर नवा रायपुर के कक्ष क्रमांक एस-2-12 में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव परीक्षा परिणाम जारी करेंगे। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिये विभिन्न अधिकृत वेबसाइटों के माध्यम से ऑनलाइन परीक्षा परिणाम देखने की व्यवस्था भी की है।
शिक्षा मंत्री यादव ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि इंतजार की घड़ियाँ अब समाप्ति की ओर हैं। कल दोपहर 02:30 बजे माध्यमिक शिक्षा मंडल के हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम औपचारिक रूप से घोषित किए जाएंगे। यह केवल अंकों की घोषणा नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, अनुशासन और अभिभावकों व शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन का प्रतिफल है। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को धैर्य बनाए रखने, परिणाम को सकारात्मक दृष्टिकोण से स्वीकार करने और भविष्य की दिशा में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएँ। प्रत्येक परिणाम एक नई शुरुआत का संकेत है, और हर विद्यार्थी में आगे बढ़ने की अपार संभावनाएँ निहित हैं।






