मृतक आकाश के भाई बादल ने रुंधे गले से बताया कि इस बार सावन में दोनों भाई हरिद्वार से कांवड़ लाने के बजाय केदारनाथ जाने की योजना बना रहे थे। दो दिन पहले ही दोस्तों के साथ इसकी चर्चा हुई थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। आरोपियों ने सपने पूरे करने से पहले ही भाई की जिंदगी छीन ली।
आकाश (20) और उसका बड़ा भाई बादल महज भाई नहीं, बल्कि दोस्तों की तरह थे। पिता की मौत के बाद दोनों ने मिलकर घर संभाला था। बादल ने बताया कि आकाश एक नई स्कॉर्पियो कार खरीदना चाहता था, जिसके लिए दोनों भाई एक-एक कर पैसे जोड़ रहे थे।
घर में खुशियों के लिए वह अभी 27 जनवरी को ही नया स्पीकर लाया था जिससे कि पारिवारिक कार्यक्रमों में बाहर से डीजे न मंगाना पड़े। आज उसी स्पीकर को देख परिजनों के आंसू नहीं थम रहे।
मृतक मनीष के घर में 30 अप्रैल को शादी की पांचवीं वर्षगांठ की तैयारियां चल रही थीं। बहन रजनी ने बताया कि पूरा परिवार मनीष और हेमलता को सरप्राइज गिफ्ट देने की योजना बना रहा था। लेकिन जश्न से पांच दिन पहले ही हेमलता का सुहाग छीन लिया गया।
पूर्व सभासद संजय सैनी ने बताया कि योगी सरकार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। हमारी मांग है कि हत्यारों को मुठभेड़ में ढेर किया जाए और उनके अवैध प्रतिष्ठानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें जमींदोज किया जाए।
आक्रोश.. आरोपियों के सिर में मारी जाए गोली
घटना को लेकर परिजनों में भारी रोष है। आकाश की बुआ राधा ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब हत्यारों ने उनके भाइयों और भतीजे के सिर में गोली मारी, तो पुलिस ने आरोपी के पैर में गोली क्यों मारी?
उन्होंने मांग की कि खून का बदला खून की तर्ज पर आरोपियों का भी वही हश्र होना चाहिए। वहीं, अमरदीप के 4 वर्षीय बेटे आयुष की तबीयत बिगड़ गई है, जिसे सदमे से बचाने के लिए नानी के घर भेजा गया है।
नेताओं ने की पीड़ित परिवार से मुलाकात
मोहल्ला पंजाबियान में मनीष व अमरदीप में दूसरे दिन भी मातम पसरा रहा। परिजनों के बिलखने की आवाज गलियों में गूंजती रही। वहीं इस दौरान राजनीतिक पार्टियों के नेता भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और परिवार का ढांढस बांधा। इसमें विधायक मीनाक्षी सिंह भी कार्यकर्ताओं संग पहुंचीं। वहीं, पूर्व विधायक बंसी सिंह पहाड़िया और भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने भी पहुंच कर परिवार से वार्ता की।
ट्रिपल मर्डर : मानचित्र के अनुरूप नहीं था जिम, सील
खुर्जा के जिस जिम में शनिवार रात तीन लोगों की हत्या हुई वह बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण की जांच में मानचित्र के अनुरूप नहीं मिला है। सोमवार को प्राधिकरण की टीम ने जिम के भवन को सील कर नोटिस जारी किया है।
तिहरे हत्याकांड के बाद मृतकों के परिजनों ने आरोपी व जिम पर बुलडोजर चलवाने की मांग की थी। घटना के बाद प्राधिकरण अफसरों ने सोमवार को एक टीम जांच के लिए भेजी। टीम को स्वीकृत कराए मानचित्र से भवन का निर्माण अनुरूप नहीं मिला।
मानचित्र के अनुसार भवन का निर्माण न मिलने पर टीम ने भवन को सील लगा नोटिस चस्पा कर दिया है। प्राधिकरण के अधीक्षण अभियंता आनंद कुमार मिश्रा ने बताया कि जिस भवन में जिम का संचालन हो रहा था उसका मानचित्र 2022-23 में स्वीकृत कराया गया था।
मानचित्र स्वीकृत कराने के बाद भवन स्वामी ने भवन को मानक के विपरीत निर्माण करा लिया। जांच के दौरान मानचित्र के विपरीत निर्माण मिलने पर उसे सील करवा दिया गया है। अमर उजाला से साभार