कोंडागांव – छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में टेंट कारोबारी की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हिरासत में लिए गए संदिग्ध ने पुलिस की पूछताछ में हत्या करने की बात स्वीकार की है। आरोपी ने बताया कि उसने पैसे और सोनी की अंगूठी के लालच में आकर हत्याकांड को अंजाम दिया है। आरोपी ने बताया कि हत्याकांड को अंजाम देने के बाद शव को दफनाने के लिए अपनी स्कूटी में लेकर गया था।
घर बुलाकर आरोपी ने की थी हत्या
पूछताछ में आरोपी सुरेश देवांगन ने बताया कि सोने की अंगूठी और कैश के लालच में उसने कारोबारी सुरेश चौहान को अपने घर बुलाया था। यहां उसने लोहे के खलबट्टे के मूसल से उसके सिर पर हमला कर दिया। जिसके बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या करने के बाद आरोपी ने कारोबारी का शव अपनी स्कूटी में रखा और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे खेत के पास मिट्टी के ढेर में दबा दिया।
कैश और अंगूठी बरामद
पुलिस ने आरोपी के कूबलनामे के बाद उसकी निशानदेही पर मृतक की 2 सोने की अंगूठियां, 1000 रुपए कैश बरामद कर लिया है। इसके साथ ही हत्या के लिए इस्तेमाल किए गए हथियार को भी बरामद कर लिया है।
11 अप्रैल को लापता हुआ था टेंट कारोबारी
कोंडागांव के रहने वाले टेंट कारोबारी सुरेश चौहान 11 अप्रैल को लापता हो गया था। जब सुरेश का कोई पता नहीं लगा तो परिजनों ने उसी शाम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को लेते हुए जांच शुरू की थी। पुलिस ने शहर के करीब 150 CCTV फुटेज खंगाले। उसके बाद पुलिस को एक संदिग्ध दिखाई दिया। जिसे पुलिस ने हिरासत में लिया।
जेल भेजा गया आरोपी
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस की टीम उस जगह तक पहुंची थी जहां आरोपी ने टेंट कारोबारी के शव को दफनाया था। पुलिस ने शव को बाहर निकाला था। इस दौरान परिजनों ने दावा किया था कि कारोबारी के हाथ से सोने की अंगूठी गायब है। जिसके बाद पुलिस ने लूट के इरादे से हत्या की जांच शुरू की थी। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है।






