सरगुजा – सरगुजा जिले के दरिमा तहसील के कंठी हल्का में भाजपा नेता मोनू कुजूर ने पटवारी प्रकाश मंडल के साथ खुलेआम मारपीट की।
यह घटना इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही है। पटवारियों ने इस घटना को न केवल एक व्यक्ति पर हमला, बल्कि पूरे राजस्व अमले की गरिमा पर हमला माना है।
कार्यालय से सड़क तक पीछा कर की मारपीट
मिली जानकारी के अनुसार, पटवारी प्रकाश मंडल अपने कार्यालय में काम कर रहे थे, तभी भाजपा नेता मोनू कुजूर अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचे। विवाद बढ़ने के बाद मोनू कुजूर ने पटवारी पर अचानक हमला कर दिया।
घटना इतनी बढ़ी कि कार्यालय से बाहर सड़क तक पहुंच गई। मोनू कुजूर ने पटवारी का पीछा कर उन्हें डंडे से बेरहमी से मारा। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मोनू कुजूर का पिछला रिकॉर्ड विवादित
मारपीट करने वाला मोनू कुजूर उर्फ जितेंद्र भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा मंडल दरिमा का अध्यक्ष है। वह पहले भी विवादों में रहा है
और स्थानीय लोग इसे आपराधिक घटनाओं में शामिल मानते हैं। घटना के बाद से जिले भर के पटवारियों में आक्रोश है और वे इस पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पटवारियों की कार्रवाई की चेतावनी और कलेक्टर से मुलाकात
पटवारियों ने दरिमा थाना में शिकायत दर्ज कराई है और सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, पटवारियों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
वे कल गुरुवार को जिले के कलेक्टर से मुलाकात करेंगे और अपनी सुरक्षा की मांग करेंगे। उनका कहना है कि इस तरह की गुंडागर्दी से न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल उठते हैं, बल्कि सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता पैदा होती है।
आंदोलन की रणनीति पर विचार
टवारियों ने बैठक बुलाई है, जिसमें वे आगामी आंदोलन की रणनीति तय करेंगे। यह घटना पूरी तरह से पटवारियों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के खिलाफ हमले के रूप में देखी जा रही है।
इस घटना ने सरगुजा जिले में खलबली मचा दी है और पटवारी वर्ग ने इसे सिर्फ व्यक्तिगत हमला नहीं, बल्कि अपने सम्मान पर हमला मानते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।






