नई दिल्ली – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8:30 बजे जब देश के सामने आएंगे, तो पूरे देश की धड़कनें तेज होंगी. संसद में महिला आरक्षण बिल को लेकर मचे घमासान के बीच यह संबोधन किसी बड़े टर्निंग पॉइंट से कम नहीं माना जा रहा है. कल ही लोकसभा में 131वां संविधान संशोधन बिल जरूरी बहुमत न मिलने की वजह से गिर गया था. विपक्ष के कड़े विरोध और वोटिंग के दौरान जादुई आंकड़े तक न पहुंच पाने के बाद सरकार के पास अब क्या विकल्प बचे हैं, इसका खुलासा आज रात हो सकता है. सूत्रों का कहना है कि पीएम मोदी विपक्ष के नकारात्मक रुख और महिला सशक्तिकरण की राह में आए इस रोड़े पर देश से सीधा संवाद कर सकते हैं.
राजनीतिक गलियारों में इस बात की भी चर्चा है कि क्या सरकार 2029 के लक्ष्य को पाने के लिए किसी वैकल्पिक रास्ते या अध्यादेश पर विचार कर रही है. कैबिनेट बैठक में पीएम मोदी ने पहले ही साफ कर दिया है कि वह विपक्ष के इस कदम से बेहद खफा हैं और इसे जनता के बीच ले जाने का मन बना चुके हैं. ऐसे में आज रात का यह भाषण केवल एक सरकारी घोषणा नहीं, बल्कि 2029 के चुनावी रोडमैप की झलक भी हो सकता है. संबोधन से पहले, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि ‘कल से बीजेपी का अंत शुरू हो गया है, इसलिए उन्हें (पीएम मोदी) आज शाम भाषण देना पड़ रहा है.’
दिल्ली में राहुल गांधी के आवास के बाहर बीजेपी का प्रदर्शन
- दिल्ली में राहुल गांधी के आवास के बाहर बीजेपी ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया है. महिला आरक्षण से जुड़े 131वें संविधान संशोधन विधेयक के लोकसभा में गिरने के बाद बीजेपी की महिला ब्रिगेड सड़क पर उतर आई.
- केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे और सांसद बांसुरी स्वराज समेत कई बड़े नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है. प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और इस दौरान राहुल गांधी का पुतला भी जलाया गया.
- बीजेपी नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस और विपक्ष ने महिलाओं के अधिकारों के साथ विश्वासघात किया है. फिलहाल पूरे इलाके में भारी तनाव और पुलिस बल की तैनाती बनी हुई है.
क्या पीएम मोदी महिला आरक्षण को लेकर कोई नई डेडलाइन तय करेंगे? क्या 850 सीटों वाली नई संसद का सपना अब नए सिरे से बुना जाएगा? इन सभी सवालों के जवाब आपको यहां लाइव मिलेंगे. हमारे इस लाइव ब्लॉग के साथ बने रहिए और पाइए पीएम मोदी के भाषण की हर बड़ी बात सबसे पहले.






