ईरान-अमेरिका युद्ध को लेकर इस्लामाबाद में दोनों देश मिले और लगा कि इस मुद्दे का कुछ तो हल निकलेगा. हालांकि ये शो पूरी तरह फ्लॉप रहा और ऐसे हालात में एंट्री की है रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने. उन्होंने ईरानी प्रेसिडेंट को कॉल करके कहा है कि वो इस समस्या को हल करने में हर मदद को तैयार हैं.
Iran-US War Putin Offers Mediation: ईरान-अमेरिका के बीच सीजफायर जरूर हुआ है, लेकिन तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है. मिडिल ईस्ट में मचे बवाल के बीच एक नई कूटनीतिक हलचल सामने आई है. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रविवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजेश्कियन से फोन पर बात कर शांति के लिए मध्यस्थता करने की पेशकश की. क्रेमलिन के मुताबिक पुतिन ने साफ कहा कि वे इस संघर्ष का राजनीतिक और कूटनीतिक समाधान निकालने में मदद के लिए तैयार हैं और क्षेत्र में स्थायी शांति चाहते हैं.
अमेरिका और ईरान के बीच चल रही शांति वार्ता बेनतीजा खत्म हो गई. पाकिस्तान में हुई 21 घंटे लंबी बातचीत के बाद भी कोई समझौता नहीं हो सका. हालांकि राहत की बात यह रही कि तुरंत लड़ाई फिर से शुरू नहीं हुई और एक जर्जर युद्धविराम अभी भी टिका हुआ है. इस असफल वार्ता ने दुनिया भर में चिंता बढ़ा दी है। अगर दोबारा संघर्ष शुरू होता है, तो इसका असर सीधे वैश्विक तेल बाजार पर पड़ सकता है. खाड़ी क्षेत्र में तेल और गैस सुविधाओं पर खतरा बढ़ सकता है और ऊर्जा कीमतें आसमान छू सकती हैं.
व्लादिमीर पुतिन ने दिया ऑफर
इधर इस्लामाबाद की वार्ता फेल होने के बाद ये चर्चाएं चलने लगीं कि युद्ध अब दोबारा शुरू होगा या फिर मामला सुलझेगा. इसी बीच पुतिन ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजेश्कियन को फोन करके इस मामले की जानकारी ली है. इसके बाद उन्होंने ये ऑफर दिया कि वो इस युद्ध में कूटनीतिक और राजनीतिक समाधान निकालने के लिए हमेशा तैयार हैं. आपको बता दें कि व्लादिमीर पुतिन पहले भी इस मुद्दे को लेकर मध्यस्थता की बात कह चुके हैं. इसके लिए उन्होंने युद्ध के शुरुआती दौर में ट्रंप से बात भी की थी.






