Home विदेश नेपाल में बालेन शाह सबसे युवा प्रधानमंत्री बने:रैप गाकर दिया पहला मैसेज;...

नेपाल में बालेन शाह सबसे युवा प्रधानमंत्री बने:रैप गाकर दिया पहला मैसेज; मधेश क्षेत्र से आने वाले पहले PM

70
0

नेपाल के प्रधानमंत्री बने बालेन शाह ने  7 शंख की आवाज पर शपथ ली, अंतरिम PM सुशीला कार्की को गले से लगाया

काठमांडू – नेपाल में पिछले साल जेन-Z ने सत्ता परिवर्तन की जो कसम खाई थी वो आज पूरी हो गई है. नेपाल की राजनीति में बड़ा बदलाव आ गया है. राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के नेता बालेन शाह ने देश के नए प्रधानमंत्री पद के लिए शपथ ले ली है. वे नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री बने हैं. राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने संविधान के आर्टिकल 76(1) के तहत उन्हें इस पद पर नियुक्त किया. शुक्रवार को रामनवमी के मौके पर काठमांडू में आयोजित एक भव्य समारोह में बालेन शाह ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली. काठमांडू स्थित राष्ट्रपति भवन ‘शीतल निवास’ में उन्होंने स्थानीय समय के मुताबिक 12:34 बजे शपथ दिलाई गई. खास बात यह रही कि यह शपथ हिंदू रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई, जहां सात शंखनादकों ने शंख बजाकर कार्यक्रम की शुरुआत की. इसे शुभ और मंगल का प्रतीक माना जाता है. शपथ के बाद एक बेहद भावुक पल देखने को मिला जब उन्होंने अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की को गले लगा लिया. पिछले साल जेन-जी प्रदर्शन के बाद नेपाली सुप्रीम कोर्ट की पूर्व चीफ जस्टिस सुशीला कार्की को अंतरिम पीएम बनाया गया था.

नेपाल की सरकार में कौन-कौन मंत्री?
नाम मंत्रालय
बालेंद्र शाह प्रधानमंत्री
स्वर्णिम वागले उपप्रधानमंत्री और वित्त मंत्री
शिशिर खनल विदेश मंत्री
सुदान गुरुंग गृह मंत्री
प्रतिभा रावल केंद्रीय मामले और सामान्य प्रशासन मंत्री
खड़का राज पौडेल पर्यटन मंत्री
अमरेश सिंह उद्योग मंत्री
सुनील लमसल भौतिक अवसंरचना, परिवहन और शहरी विकास मंत्री
गीता चौधरी कृषि और पशुधन विकास के साथ-साथ जंगल और पर्यावरण मंत्री
सस्मित पोखरेल शिक्षा, विज्ञान और तकनीक और खेल मंत्री
निशा मेहता स्वास्थ्य और जनसंख्या मंत्री
सीता बड़ी महिला, बाल और वरिष्ठ नागरिक मंत्री
सोबिता गौतम कानून मंत्री
बिराज भक्त श्रेष्ठ ऊर्जा, जल संसाधन और सिंचाई मंत्री
बिक्रम तिमिलसिना सूचना और संचार मंत्री
दीपक कुमार शाह श्रम और रोजगार मंत्री
पीएम मोदी ने दी बधाई
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी ने बालेन शाह को बधाई देते हुए लिखा, ‘नेपाल के प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेने पर बालेंद्र शाह को बहुत-बहुत बधाई. आपकी नियुक्ति नेपाल के लोगों द्वारा आपके नेतृत्व पर दिखाए गए भरोसे को दिखाती है. मैं आपके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं ताकि भारत-नेपाल की दोस्ती और सहयोग को हमारे दोनों देशों के लोगों के आपसी फायदे के लिए और भी ऊंचाइयों पर ले जाया जा सके.’
बालेन शाह ने पूर्व पीएम को ही हरा दिया
बालेन शाह के प्रधानमंत्री बनने का रास्ता तब साफ हुआ जब उनकी पार्टी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने हाल के संसदीय चुनावों में लगभग दो-तिहाई बहुमत हासिल किया. इसके बाद गुरुवार को उन्हें पार्टी का संसदीय नेता चुना गया. इस चुनाव में बालेन शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली को बड़ी हार दी. झापा-5 सीट से उन्होंने 49,614 वोटों के अंतर से जीत हासिल की. शाह को 68,348 वोट मिले, जबकि ओली को सिर्फ 18,734 वोट ही मिले. यह जीत 1991 के बाद से नेपाल के संसदीय इतिहास में सबसे बड़ी जीतों में से एक मानी जा रही है.
राजधानी काठमांडू के मेयर रहे हैं बालेन
बालेन शाह की राजनीति में एंट्री भी काफी दिलचस्प रही है. उन्होंने 2022 में पहली बार चुनाव लड़ा और काठमांडू महानगरपालिका के मेयर बने. उस वक्त वे निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीते थे, जिसने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई. 27 अप्रैल 1990 को काठमांडू में जन्मे बालेन शाह का बैकग्राउंड इंजीनियरिंग का है. उन्होंने भारत की विश्वेश्वरैया टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री हासिल की है. इससे पहले उन्होंने काठमांडू से अपनी बैचलर डिग्री पूरी की थी.
बालेन ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी की है
इंजीनियरिंग की पढ़ाई ने उन्हें शहरी विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर की गहरी समझ दी, जिसका असर उनके मेयर कार्यकाल में भी देखने को मिला. अब प्रधानमंत्री बनने के बाद उनसे उम्मीद की जा रही है कि वे इसी अनुभव को देश के विकास में इस्तेमाल करेंगे. नेपाल की राजनीति में यह बदलाव इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि एक युवा और गैर-परंपरागत नेता ने सीधे सत्ता के शीर्ष तक पहुंच बनाई है.