मरवाही – पेंड्रा शहर के सबसे व्यस्त दुर्गा चौक क्षेत्र में गैस सिलिंडर चोरी की एक घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, पायल गैस एजेंसी का डिलीवरी वाहन उपभोक्ताओं को सिलिंडर पहुंचाने के लिए दुर्गा चौक पहुंचा था। इसी दौरान अज्ञात दो व्यक्तियों ने मौके का फायदा उठाते हुए गैस से भरा सिलिंडर पार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, दुर्गा चौक में तुलसी स्वीट्स के पास गैस डिलीवरी वाहन सिलिंडर की होम डिलीवरी कर रहा था, उसी दौरान दो लोग वहां पहुंचे और गाड़ी से गैस सिलिंडर निकाल कर फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों आरोपी पहले सिलिंडर को पैदल कुछ दूरी तक ले गए। इसके बाद उन्होंने एक सवारी ऑटो को रोका और उसमें सिलिंडर रखकर मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपियों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों को इसकी सूचना मिली। डिलीवरी कर्मियों ने तुरंत मामले की सूचना एजेंसी संचालक को दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं गैस की किल्लत के बीच इस तरह की घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।






