तेहरान – ईरान के नए सर्वोच्च नेता आयातुल्ला मोजतबा खामेनेई ने अमेरिका और इस्राइल के साथ जारी जंग के बीच अपना पहला बयान जारी किया, जिसे गुरुवार को सरकारी टेलीविजन पर एक समाचार एंकर ने पढ़ा। खामेनेई खुद कैमरे पर नजर नहीं आए। लेकिन उनके बयान को पूरे देश में दिखाया गया।
‘अमेरिकी ठिकानों को बनाएंगे निशाना’
बयान में उन्होंने यह भी कहा कि ईरान अपने पड़ोसी देशों के साथ मित्रता चाहता है और अब केवल अमेरिका के ठिकानों को निशाना बना रहा है, जिस पर हमले जारी रहेंगे। मोजतबा खामेनेई ने देश से एकजुटता आह्वान किया और कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद रखा जाएगा, ताकि ईरान के दुश्मनों पर दबाव बनाया जा सके। उन्होंने कहा, हम अपने शहीदों के खून का बदला लेंगे।
सेना का धन्यवाद किया
उन्होंने देश की सेना का धन्यवाद किया और कहा कि उन्होंने ईरान को विभाजित होने या कब्जे में जाने से बचाया। खामेनेई ने कहा, मैं बहादुर लड़ाकों का शुक्रगुजार हूं, जो उस समय बेहतरीन काम कर रहे हैं, जब हमारा देश दबाव और हमले का सामना कर रहा है। खामेनेई ने यह भी कहा कि ईरान आगे भी अपनी रक्षा करता रहेगा। यमन और इराक में सशस्त्र समूह ईरान का समर्थन कर रहे हैं।
प्रभावितों को दिया जाएगा मुआवजा
ईरान के नए सर्वोच्च नेता ने कहा कि जो लोग नुकसान झेल चुके हैं, उन्हें आर्थिक मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि घायल लोगों का मुफ्त इलाज किया जाएगा और मौजूदा स्थिति को संभालते हुए प्रभावित लोगों की मदद की जाएगी।






