नई दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने अपनी तूफानी बैटिंग से इतिहास रच दिया. अभिषेक और संजू टी20 विश्व कप इतिहास के पहले ऐसे ओपनिंग जोड़ी बने हैं, जिन्होंने फाइनल में 50 या उससे अधिक रनों की पार्टनरशिप की है. अभिषेक और संजू ने पारी की शुरुआत करते हुए महज चार ओवर में 51 रनों की पार्टनरशिप कर दी थी. इस तरह इस भारतीय ओपनिंग जोड़ी ने टी20 विश्व कप फाइनल में 17 साल पुराने रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया.
अभिषेक ने खेली 52 रनों की दमदार पारी
आईसीसी टी20 विश्व कप के फाइनल में इससे पहले सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप 48 रनों की थी. यह रिकॉर्ड साल 2009 में कामरान अकमल और शाहजैब हसन ने श्रीलंका के खिलाफ लॉर्ड्स में बनाया था. वहीं संजू और अभिषेक के बीच पहले विकेट के लिए 98 रनों की पार्टनरशिप हुई है.
जीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 18 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की. इससे पहले अभिषेक पूरे टूर्नामेंट में रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, लेकिन खिताबी मुकाबले में उन्होंने 21 गेंद में दमदार 52 रन बनाए. अपनी इस पारी में अभिषेक ने 6 चौके और 3 छक्के भी लगाए. हालांकि, अभिषेक शर्मा आउट हो गए, लेकिन उसके बाद संजू ने विस्फोटक बैटिंग जारी रखी और टूर्नामेंट में लगातार तीसरी फिफ्टी जड़ने का कारनामा किया.
लॉकी फर्ग्यूसन के ओवर में पड़े 24 रन
बता दें कि इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने मिलकर लॉकी फर्ग्यूसन के ओवर में 24 रन कूट दिए थे. इस ओवर में संजू और अभिषेक ने मिलकर टी20 विश्व कप इतिहास की सबड़े बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप का रिकॉर्ड तोड़ा था. लॉकी न्यूजीलैंड के लिए पारी का चौथा ओवर करने आए थे, जिसमें उन्हें 2 छक्के और 2 चौके पड़े. बैक टू बैक बाउंड्री खाने के बाद कीवी गेंदबाज इस कदर अपना लय भटका कि उन्होंने तीन वाइड गेंद डाल दी.






