Home छत्तीसगढ़ होली पर हाई अलर्ट – रायपुर में ड्रोन से निगरानी, 5 मिनट...

होली पर हाई अलर्ट – रायपुर में ड्रोन से निगरानी, 5 मिनट में पहुंचेगी पुलिस

20
0
रायपुर में होली पर हाई-टेक सुरक्षा व्यवस्था लागू हो गई है. संवेदनशील इलाकों में ड्रोन लगातार निगरानी करेंगे. किसी भी विवाद पर पुलिस महज 5 मिनट में पहुंचेगी. 3000 से ज्यादा पुलिसकर्मी सोमवार शाम से तैनात रहेंगे. 60 चेकिंग पॉइंट पर ड्रिंक एंड ड्राइव और ट्रिपल सवारी पर सख्ती होगी. क्राइम ब्रांच की 150 सदस्यीय टीम अवैध नशे पर नजर रखेगी. कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने शांतिपूर्ण होली मनाने की अपील की है.

रायपुर – अगर आप रायपुर में होली मनाने की सोच रहे हैं तो यह खबर बिल्कुल आपके लिए है। रायपुर में होली पर्व के दौरान अगर आपने किसी तरह का हुड़दंग मचाया या फिर नियमों का उल्लंघन किया तो कमिश्नरेट पुलिस आपके खिलाफ कड़ा एक्शन लेगी। होली पर्व पर हुड़दंगियों पर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस की पैनी नजर रहेगी।

जिले में होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कमिश्नरेट के तीनों जोन सेन्ट्रल, वेस्ट, नाॅर्थ के क्षेत्रों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मोहल्ले, काॅलोनी में इस बार पुलिस की सख्त निगरानी रहेगी। माहौल बिगाड़ने वालों पर ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी।

ड्रोन के माध्यम से छतों, गलियो, बाजार, मोहल्ले और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नजर रखी जाएगी। होली त्योहार के दो दिन पहले ही क्षेत्र के थानेदारों ने दुकानदारों और नागरिकों से बातचीत कर आपसी सौहार्द बनाए रखने व शांति व्यवस्था कायम करने की अपील की है। साथ ही आम नागरिकों को उनके क्षेत्र में विवाद होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा है। पुलिस ने युवाओं को चेतावनी दी हैं कि जबरन रंग न लगाएं और नशे में अगर उत्पात मचाया या अफवाह फैलाये तो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने कहा कि शांति सद्भाव के साथ त्योहार मनाएं।

रायपुर के संवेदनशील क्षेत्रों की विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस बल अभी से तैनात कर दिए गए हैं। क्राइम की टीम सादे कपड़े में भीड़-भाड़ वाले इलाकों में तैनात है। किसी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने वालों पर कड़ी नजर रखी गई है, होली त्योहार पर अगर किसी ने भ्रामक पोस्ट किया तो सख्ती से निपटा जाएगा। कानून का खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।