ग्वालियर – मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कलश यात्रा के दौरान भगदड़ मचने से एक महिला की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। भगदड़ की ये घटना ग्वालियर में नवग्रह पीठ के कलश यात्रा कार्यक्रम के दौरान हुई। यह कार्यक्रम पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के सौजन्य से आयोजित किया जा रहा था, जिसमें भारी जनसैलाब उमड़ा था।
आपको बता दें, आज से शुरू होकर 20 फरवरी तक चलने वाले नवग्रह पीठ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की शुरुआत कलश यात्रा से हुई थी। यात्रा के दौरान भीड़ बहुत ज्यादा बढ़ गई, जिस वजह से अचानक अफरा-तफरी का माहौल हो गया। लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे, जिससे कई महिलाएं भीड़ के नीचे दब गईं।
70 वर्षीय महिला की मौत
जानकरी के अनुसार, हादसे में 70 वर्षीय महिला रति साहू की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची समेत 9 लोग घायल हो गए। घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया है। परिजन ने पुलिस और अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उठे गंभीर सवाल
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि प्रशासन की ओर से अब तक कोई भी हालचाल लेने नहीं आया। इस हादसे के बाद प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि इतने बड़े आयोजन में सुरक्षा और व्यवस्था की उचित निगरानी क्यों नहीं की गई और भगदड़ कैसे हुई, इसकी जिम्मेदारी किसकी है। गौरतलब है कि 10 फरवरी से 20 फरवरी तक नवग्रह पीठ प्राण प्रतिष्ठा को लेकर धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं।
पुलिस की लापरवाही से हुआ हादसा
मृतका रति साहू की बहू रीना साहू ने आरोप लगाया है कि वह घटना के समय मौके पर मौजूद थी और यह हदसा पुलिस की लापरवाही की वजह से हुआ है। उनका कहना है कि पुलिसकर्मियों ने गेट खोलकर अचानक बंद कर दिया, जिससे महिलाएं दब गई। इसके बाद जब उन्हें डबरा सिविल अस्पताल लाया गया तो वहां डॉक्टरों और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था नहीं थी। समय पर ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण रति साहू करीब आधे घंटे तक तड़पती रहीं और अंततः उनकी मौत हो गई।






