इंदौर – लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने शुक्रवार को कहा कि प्रजातंत्र में विपक्ष को उसका काम पूरी ताकत से करना चाहिए। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के शनिवार को प्रस्तावित इंदौर दौरे को लेकर यह बात कही। इस दौरे में गांधी शहर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पेयजल से उल्टी-दस्त के प्रकोप से जूझ रहे मरीजों और जान गंवाने वाले लोगों के शोकसंतप्त परिजनों से मुलाकात करेंगे।
जीतू पटवारी को बताया अच्छा काम करने वाला नेता
पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जीतू पटवारी उनसे पहले भी मिलते रहे हैं और वह अच्छा काम करने वाला लड़का है. पटवारी का कहना था कि इंदौर में जगह-जगह खराब पानी की दिक्कत है, जिसका समाधान सभी को मिलकर करना चाहिए.
सुमित्रा महाजन से मिलने पहुंचे जीतू पटवारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से मिलने उनके निवास पहुंचे. उनके साथ शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे. भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के लगातार बढ़ते आंकड़ों के बीच यह मुलाकात औपचारिक रही लेकिन बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है. इस दौरान पटवारी ने भागीरथपुरा में 70 प्रतिशत पानी पीने योग्य नहीं होने का आरोप लगाया, साथ ही कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति नहीं समाधान जरूरी है जबकि बीजेपी नेता इस मुद्दे को लेकर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं.एनजीटी की रिपोर्ट प्रदेश सरकार के लिए आईना
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में जीतू पटवारी ने कहा कि एनजीटी की रिपोर्ट प्रदेश सरकार के लिए आईना है, जिसमें साफ कहा गया है कि मध्य प्रदेश का 70 फीसदी पानी पीने लायक नहीं है. उन्होंने कहा कि यह मसला राजनीति से ऊपर है. एक गिलास शुद्ध पानी हर नागरिक को मिले, यही हमारी लड़ाई है. मौतें किसी राजनैतिक दल की नहीं बल्कि इंसानों की हैं. 24 लोगों की मौत मामूली घटना नहीं है. पटवारी ने ताई की सकारात्मक सोच की सराहना करते हुए कहा कि सुमित्रा महाजन हमेशा गंभीर मुद्दों पर चिंता जताती हैं.






